गांव चन्दोकलांमें विधायक जरनैल सिंह ग्रामीणों से उनकी मांगें सुनते हुए।
रतिया। विधायक जरनैल सिंह ने बुधवार को हलके के विभिन्न गांवों का दौरा कर विकास कार्यों की सौगात दी और कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। विधायक ने ग्राम पंचायत चन्दोकलां में विकास एवं पंचायत विभाग के अंतर्गत लगभग 14.98 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इंटरलॉकिंग रास्ते के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया तथा पाइपलाइन निर्माण कार्य का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान विधायक ने मुन्शीवाली, डिग्गी ढाणी, चन्दोखुर्द, बुर्ज, कुनाल, मोहम्मदपुर सौत्र, चन्दोकलां, रायपुर, ढाणी रायपुर, पलसर, शेखूपुर सौत्र, गुरुसर, सहनाल तथा सुखमनपुर सहित 14 गांवों का दौरा किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर बीडीपीओ अनिल बिश्नोई, एसडीओ कुलदीप सिंह, मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन कुलवंत सैनी, नगरपालिका वाइस चेयरमैन जोगिन्द्र नंदा, केवल मेहता पूर्व चेयरमैन आदि मौजूद थे।