फतेहाबाद। गांव बड़ोपल नहर पर अपने दोस्तों के साथ चार दिन पहले नहाने गए युवक के लापता होने के मामले में युवक का शव वीरवार को बीघड़ हेड से बरामद हुआ है। मामले में परिजन युवक की हत्या किए जाने के आरोप लगा रहे हैं। मृतक का शव बेहद गली सड़ी अवस्था में होने के चलते पोस्ट मार्टम के लिए अग्रोहा भेज दिया गया है।
मामले के मुताबिक राजस्थान के हनुमानगढ़ के जिले के भादरा क्षेत्र के गांव साहुवाला निवासी सुरेंद्र फाइनेंस कंपनी में भट्टू में काम करता था। सात मई को वह लापता हो गया था। परिजन उसकी तलाश में थे और उसके ताऊ के बेटे श्रवन ने बड़ोपल चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दी थी। उसने बताया था कि सुरेंद्र अपने दोस्तों के साथ बड़ोपल नहर पर नहाने गया था जिसके बाद से वह लापता है। पुलिस ने बयान के आधार पर गुमशुदगी के आरोप में मामला दर्ज किया था। वीरवार को उसका शव फतेहाबाद के पास बीघड़ हेड से बरामद हुआ। पुलिस शव को लेकर नागरिक अस्पताल पहुंची, यहां पर परिजनों ने उसकी हत्या किये जाने की आशंका जताई है। दोस्तों पर ही हत्या के आरोप लगाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोट
लापता युवक का शव बीघड़ हेड से बरामद हुआ है। मामले में परिजनों ने हत्या के आरोप लगाए है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
-रूपेश चौधरी, सदर थाना प्रभारी