फतेहाबाद में जीत की खुशी मनाते रतिया से कांग्रेस प्रत्याशी जरनैल सिंह के समर्थक।
फतेहाबाद। जिले में तीनों विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव की मतगणना मंगलवार को महिला महाविद्यालय भोडियाखेड़ा में हुई। इसके लिए मतगणना केंद्र के बाहर विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ सुबह आठ बजे से लगने लगी। उम्मीदवारों के मतों की गणना चक्रवार शुरू होने के साथ ही समर्थकों की हलचल बढ़ गई। दोपहर 12 बजे बाद समर्थकों ने ढोल और आतिशबाजी शुरू कर दी।
मतगणना के दौरान हरियाणा पुलिस और एसएसबी के जवानों ने भीड़ पर काबू पाया। इस बार जिले की तीनों सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला रहा है। ऐसे में कभी कांग्रेस आगे रही तो कभी भाजपा प्रत्याशी। जैसे ही कांग्रेस उम्मीदवारों को बढ़त मिली तो भाजपा उम्मीदवार मतगणना केंद्र से बाहर निकल गए।
भाजपा उम्मीदवार की गाड़ी सड़क पर पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हूटिंग शुरू कर दी। सड़क पर खड़े कार्यकर्ता विजेता उम्मीदवार के आने का इंतजार कर रहे थे। कांग्रेस उम्मीदवार के जीतने का पता चलते ही बाहर खड़े कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर नाचना शुरू कर दिया। जमकर आतिशबाजी भी की गई। संवाद
मतगणना के दो घंटे बाद कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे विजयी उम्मीदवार : राजकीय महिला महाविद्यालय में बने मतगणना केंद्र के बाहर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई जगह बेरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को रोका लेकिन भीड़ लगातार बढ़ती गई। कार्यकर्ताओं की संख्या के सापेक्ष पुलिस की संख्या भी बढ़ने लगी। इसी बीच मतगणना केंद्र के बाहर कांग्रेस और भाजपा के बीच चल रही कांटे की टक्कर के दौरान डीएसपी ने पुलिस के 50 जवान और तैनात कर दिए ताकि कम अंतर होने पर कोई हंगामा न हो। वहीं, विधायक दुड़ाराम दोपहर दो बजे ही केंद्र से चले गए थे, लेकिन मतगणना ढाई बजे खत्म हुई। कांग्रेस के विजेता उम्मीदवार बलवान सिंह दौलतपुरिया दो घंटे के बाद आए।