फतेहाबाद नगर परिषद कार्यालय में प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची पार्षदों के साथ बैठक करते हुए
फतेहाबाद। शहर में विकास कार्य न होने पर आखिरकार पार्षद जागे और एकजुटता दिखाने के लिए एसोसिएशन बनाकर अनिल गर्ग को प्रधान चुना। इसके बाद पार्षदों ने नगर परिषद के चेयरमैन राजेंद्र सिंह खिंची को धरना लगाने की चेतावनी दी तो उन्होंने मंगलवार दोपहर 12 बजे पार्षदों की बैठक बुलाई।
करीब डेढ़ घंटे तक चली बैठक में पार्षदों ने विकास कार्य न होने, किसी काम की सुनवाई न होने और हाउस बैठक न बुलाने का मुद्दा रखा। इस पर चेयरमैन खिंची ने कहा कि दोबारा से प्रस्ताव बनेंगे और हाउस की बैठक बुलाई जाएगी। पार्षदों ने चेतावनी दी की यदि बुधवार तक बैठक नहीं बुलाई गई तो हम जिला नगर आयुक्त से मिलेंगे और उनके माध्यम से बैठक बुलाई जाएगी।
पार्षद बोले कम से कम गड्ढे तो भरवाए जाएं : बैठक में पार्षदों ने कहा कि वार्ड में गड्ढे तक नहीं भरवा सकते हैं। वार्डों में बेंच देने को लेकर भी भेदभाव हुआ है। पार्क गोद दिए गए और इसकी किसी को जानकारी तक नहीं दी गई। प्रधान ने कहा कि प्रत्येक वार्ड में 10-10 लाख से मरम्मत के काम होंगे और 300 बेंच खरीदे जाएंगे।
काम नहीं हुए तो प्रधान-उपप्रधान पक्ष के पार्षद हुए इकट्ठे
नगर परिषद हाउस चुने जाने के बाद नगर परिषद प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची और उपप्रधान सविता टुटेजा के बीच खींचतान चल रही है। कई पार्षद भी दो धड़ों में बंटे हुए हैं। लेकिन शहर में विकास कार्य न होने और सोशल मीडिया पर मुद्दा उठने के बाद सोमवार देर शाम को प्रधान और उपप्रधान पक्षे के कहे जाने वाले पार्षद इकट्ठे हुए और गुटबाजी छोड़कर गुप्त बैठक की और इसमें विकास कार्य न होने पर चर्चा की गई तथा कमेटी बनाकर प्रधान चुना गया।। संगठन में पार्षद सुखदेव को उपप्रधान, मोहनलाल नारंग को सचिव, निर्मल सिवाच को सहसचिव और चंद्रभान वधवा को मीडिया प्रभारी चुना गया है। इस पार्षद चंद्रभान वधवा, ज्ञान सिंह, अर्जुन कटारिया, ज्योति मेहता, सुखदेव सिंह, मोहन लाल नारंग, सुभाष नायक, अनिल गर्ग, राजू तूड़ेवाला, राजू मेहता आदि मौजूद रहे।
पार्षदों ने एक साल पहले भी किया संगठन बनाने का प्रयास
शहर में विकास न होने पर पार्षदों ने एक साल पहले भी एकजुट होकर संगठन बनाने का प्रयास किया था। पार्षदों की बैठक के दौरान ही उपप्रधान सविता टुटेजा ने पहुंचकर आश्वासन दिया था कि भविष्य में दिक्कत नहीं आएगी। पार्षदों ने संगठन बनाने का फैसला वापस ले लिया था।
संगठन का पहले दिन ही दिखा है असर
पार्षदों का संगठन बनाया गया है और पहले दिन ही असर दिखा है। प्रधान ने पार्षदों के साथ बैठक की है। पार्षद अब पूरी दबंगता के साथ काम करेंगे।
-चंद्रभान वधवा, पार्षद
पार्षदों का संगठन बनाया गया है जो कि नगर परिषद में और बाहर भी काम करेगा। नगर परिषद हाउस में हर माह बैठक बुलाई जाए और पिछले कामों की समीक्षा को लेकर मांग की जाएगी।
-मोहन लाल नारंग, पार्षद
शहर में दो साल से काम नहीं हो रहे है। मजबूरन पार्षदों को इकट्ठा होना पड़ा है और एसोसिएशन बनाई है। प्रधान-उपप्रधान काम नहीं कर रहे हैं। मंगलवार को प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची से बैठक हुई है। अगर हाउस की बैठक नहीं बुलाते है तो डीएमसी के द्वारा बैठक रखवाई जाएगी।
-अनिल गर्ग, प्रधान, पार्षद एसोसिएशन
कोट
पार्षद अगर इकट्ठे हुए हैं तो अच्छी बात है। शहर का विकास होना चाहिए। पार्षदों के साथ बैठक की गई है। जिसमें कई मुद्दों पर बात हुई है। कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए है कि प्रत्येक वार्ड में 10-10 लाख से मरम्मत के काम करवाएं और इसको लेकर टेंडर लगाया जाए।
- राजेंद्र सिंह खिंची, प्रधान नगर परिषद