टोहाना। चंडीगढ़ रोड स्थित पुलिस चौकी के पुलिसकर्मियों ने परिजनों से लापता हुए मूकबधिर बच्चे को उसके परिजनों से मिलवाया है। बच्चे की पहचान जींद जिले के गांव धमतान निवासी सात वर्षीय लक्ष्य के तौर पर हुई है। उसके पिता सूबे सिंह मजदूरी करते हैं।
डायल 112 टीम के पास सूचना आई कि सात वर्षीय बच्चा राजनगर इलाके में घूम रहा है, इसके बाद पुलिस उसे चंडीगढ रोड चौकी में ले आई। चौकी प्रभारी एसआई पवन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम बच्चे को शहर के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व अन्य सार्वजनिक जगहों पर ले गई। जहां लोगों ने बताया कि यह बच्चा गांव धमतान साहिब से ट्रैक्टर ट्राली के पीछे बैठकर यहां आ गया था। इसके बाद पुलिस ने गांव धमतान साहिब में उसके माता-पिता का पता किया, जिन्हें चौकी में बुलाकर बच्चा सौंप दिया गया।