फतेहाबाद। शहर में से बंदर पकड़ने का काम एजेंसी ने बंद कर दिया है। पहले चरण में 85 बंदर पकड़ने के बाद करीब 20 दिनों से अभियान बंद है। बंदर न पकड़े जाने से शहर के लोग परेशान हैं। नगर परिषद द्वारा एजेंसी को ठेका दिए जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली थी लेकिन एजेंसी ने 15 दिन काम करके बंद कर दिया है।
एजेंसी के अधिकारियों का कहना है कि बंदर पकड़ने के लिए उनके पास जो टीम थी उसे बदल दिया गया है। अब नई टीम आकर शहर से बंदर पकड़ेगी। टीम कब आती है इसको लेकर अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। नगर परिषद अधिकारियों का कहना है कि एजेंसी के पास दो माह का समय है, अभी सिर्फ एक माह ही हुआ है। नगर परिषद एक बंदर पकड़ने के लिए निजी एजेंसी को 2150 रुपये का भुगतान करेगी। हालांकि एजेंसी ने 3200 रुपये रेट दिया था लेकिन बाद में उसे कम करवाया गया था।
कोट
नगर परिषद प्रधान और अधिकारियों के सामने ये मुद्दा रखा गया है कि शहर में से जल्द से जल्द बंदर पकड़े जाएं। इस संबंध में ठेकेदार से भी बात हुई। अधिकारियों से मांग की गई है कि जल्द से जल्द दोबारा अभियान चलाकर बंदर पकड़वाए जाएं ताकि किसी को नुकसान न हो सकें।
-मोहन लाल नारंग, पार्षद नगर परिषद
कोट
मौसम खराब होने के कारण एजेंसी काम नहीं कर रही है। हालांकि एजेंसी के पास बंदर पकड़ने का दो माह का समय है।
-मुकेश शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक