फतेहाबाद के हिसार रोड पर बस की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुई स्कूटी।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। शहर के हिसार रोड पर हुडा सेक्टर के पॉलीक्लीनिक मोड़ पर मंगलवार सुबह फतेहाबाद से गांव गोरखपुर जा रही रोडवेज बस ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में गांव भड़ोवालाली के राजकीय प्राइमरी स्कूल में तैनात महिला गेस्ट टीचर हुड्डा सेक्टर 3 निवासी 51 वर्षीय अनुपमा गुप्ता की मौत हो गई। पुलिस ने मृतका अनुपमा के पति संजीव गुप्ता के ब्यान पर आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मामले के मुताबिक हुडा सेक्टर तीन निवासी अनुपमा गुप्ता मंगलवार सुबह स्कूटी पर गांव भड़ोलावाली के राजकीय प्राइमरी स्कूल में ड्यूटी पर जा रही थी। अनुपमा यहां पर जेबीटी गेस्ट टीचर के पद पर तैनात थीं। जब स्कूटी लेकर हुडा सेक्टर से हिसार रोड पर पहुंचीं तो फतेहाबाद से गोरखपुर जा रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। घायल को फतेहाबाद के निजी अस्पताल लाया गया और फिर नागरिक अस्पताल ले गए। यहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक बस को छोड़कर मौके से फरार हो गया।
कोट
हिसार रोड पर मंगलवार सुबह रोडवेज बस ने स्कूटी को टक्कर मार दी थी। हादसे में स्कूटी सवार शिक्षिका की मौत हो गई। मामले में आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
-जगदीश चंद्र, शहर थाना प्रभारी