हारे हुए सरपंच प्रत्याशी का किया सम्मान।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा में पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद अब गांवों में भाइचारा बढ़ाने के साथ-साथ हारे हुए प्रत्याशियों को हौसला देने का सिलसिला लगातार जारी है। फतेहाबाद जिले के भट्टू खंड के गांव पीलीमंदोरी में भी सरपंच पद के चुनाव में हारे हुए प्रत्याशी हनुमान कूकणा को उनके समर्थक ग्रामीणों ने 71 लाख रुपये की सहयोग राशि देकर सम्मानित किया।
गांव में सरपंच पद के लिए चार उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इनमें से धर्मवीर गोरछिया ने 2131 वोट लेकर जीत हासिल की। वहीं हनुमान कूकणा को 1931 वोटों से ही संतोष करना पड़ा। 200 वोटों से हनुमान कूकणा हार गए थे।
ग्रामीण जयसिंह गोरछिया, ओमप्रकाश पूनियां, रामस्वरूप, कृष्ण, राकेश कुमार, अनिल कुमार आदि ने बताया कि हनुमान कूकणा ने पिछले काफी सालों से गांव में सेवा कार्य किए थे, जिसके कारण ग्रामीणों ने उन्हें यह चुनाव लड़ने के लिए कहा था। मगर चुनाव में वह 200 वोटों से हार गए। फिर भी गांव की सहानुभूति हनुमान के साथ है।
इसलिए 71 लाख रुपये एकत्रित करके हनुमान को दिए गए हैं, ताकि उनका हौसला पस्त न हो। वहीं, हारे हुए प्रत्याशी हनुमान कूकणा ने कहा कि वह हार के बाद भी लोगों के दुख सुख में शामिल होते रहेंगे। ग्रामीणों ने उन्हें जो सम्मान दिया है, उसके लिए वह आभारी रहेंगे।