गांव नाढोड़ी में हारे हुए सरपंच प्रत्याशी सुंदर कुमार को राशि सौंपते उनके समर्थक।
- फोटो : Fatehabad
भूना। गांव नाढोड़ी में सरपंच पद के चुनाव में मात्र एक वोट से हारे प्रत्याशी सुंदर कुमार के समर्थक उनके लिए ‘पंचपरमेश्वर’ बन गए। उनका गम करने के लिए समर्थकों ने नायाब तोहफा दिया। समर्थकों ने शनिवार को सुंदर कुमार को 15 लाख की नकदी, करीब साढ़े पांच लाख रुपये कीमत की कार और डेढ़ कनाल जमीन देकर मनोबल बढ़ाया।
जिले में सरपंच पद के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ। शाम को मतगणना के बाद परिणाम घोषित कर दिया गया। गांव नाढोली में सरपंच पद पर मात्र एक वोट से हारने के बाद सुंदर कुमार गहरे सदमे में थे। समर्थकों ने प्रत्याशी सुंदर के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए अनोखी पहल की। समर्थकों ने आपस में चंदा एकत्र किया। सुभाष भांभू ने 51 हजार रुपये नकद व डेढ़ कनाल जमीन दी है। शनिवार को समर्थकों ने गांव में कार्यक्रम आयोजित कर सुंदर को 15 लाख रुपये की नकदी, एक आल्टो कार और डेढ़ कनाल जमीन देकर भाईचारे का मिसाल पेश किया। सुंदर समर्थकों का दावा है कि रविवार तक 20 लाख से भी अधिक की राशि एकत्र हो जाएगी। सुंदर ने सभी का आभार प्रकट किया। उसने कहा कि समर्थकों का यह प्यार ही उनकी सबसे बड़ी जीत है।
एक नजर इधर भी
गांव नाढोड़ी में कुल 5085 वोट हैं, जिनमें से 4416 पोल हुए थे। गांव के सुंदर कुमार व नरेंद्र कुमार के बीच सरपंच पद पर सीधा मुकाबला हुआ। मतगणना में सुंदर को 2200 वोट और नरेंद्र को 2201 वोट मिले। नरेंद्र मात्र एक वोट से चुनाव जीत गए।