सिरसा/ऐलनाबाद। बुधवार रात व वीरवार दिन में हुई बारिश ने आखिरकार आमजन को भीषण गर्मी से राहत दिलाई है। पिछले 24 घंटे में 21 एमएम बारिश दर्ज की गई है। इस बारिश ने खरीफ फसलों के लिए संजीवनी का काम किया है।
बारिश के बाद अधिकतम तापमान में 12.2 डिग्री व 4.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वीरवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान में सिर्फ 1.8 डिग्री का अंतर रहा। जिले का अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री व न्यूनतम तापमान 31.6 डिग्री दर्ज किया गया था।
एक तरफ जहां बारिश से मौसम सुहावना हो गया, वहीं जलनिकासी व्यवस्था बेहतर न होने के कारण शहर के राजकीय महिला कॉलेज, सुरखाब चौक, बाल भवन के सामने, सिविल लाइन और सदर थाने के सामने जलभराव हो गया। जिले के ऐलनाबाद क्षेत्र में भी काफी अच्छी बारिश हुई। इसके चलते शहर के मुख्य सड़कों व गलियों में पानी गया।
बरसात से किसानों के चेहरे खिले
वीरवार को हुई तेज बारिश के बाद किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। खेतों में खड़ी धान की फसल के लिए इस समय पानी की काफी आवश्यकता है। ऐसे में वीरवार को हुई तेज बारिश किसानों के लिए वरदान साबित हुई है। बारिश ने किसानों की मुश्किलों को काफी आसान कर दिया। बारिश का पानी धान के खेतों में जमा हो गया। जो उनके लिए बहुत जरूरी था। किसानों का कहना है कि मानसून की अगर अच्छी बारिश होती है तो धान की पैदावार पर काफी असर पड़ेगा।
बिजली हुई गायब
बारिश के बाद दोपहर से ही ऐलनाबाद क्षेत्र में बिजली गायब हो गई, जो कि शाम तक बाधित रही। देर रात तक ही बिजली सप्लाई शुरू हो पाई। हालांकि बिजली जाने का असर ज्यादा नहीं रहा। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। जिससे लोगों को उमसभरी गर्मी से दो-चार नहीं होना पड़ा।
ऐलनाबाद में विभिन्न जगहों पर भरा बारिश का पानी
ऐलनाबाद में बुधवार मध्य रात्रि से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। सुबह होते ही बादलों ने जमकर बरसना शुरू कर दिया। वीरवार को हुई बारिश से क्षेत्र के मुख्य बाजार में, ममेरा चौक, गांधी चौक व टिब्बी अड्डा के अलावा ममेरा रोड, ममेरा रोड बाईपास चौक, सिरसा रोड व अनाज मंडी में बारिश का पानी जमा हो गया। अनाज मंडी में तो कई दुकानों में पानी घुस गया। पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
हनुमानगढ़ रोड अंडरपास में भरा पानी
हनुमानगढ़ रोड पर बने अंडरपास में पानी भर जाने से आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। इससे नीमला, काशी का बास व हनुमानगढ़ की तरफ की आवागमन करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाइक सवार रेलवे लाइन के ऊपर से गुजरते देखे गए। काफी वाहन चालकों को तो हुडा कॉलोनी से होते हुए नोहर रोड अंडरपास से होते हुए शहर में आना पड़ा। अंडरपास में कई वाहन तो बारिश के पानी में फंस गए। इन्हें दूसरे साधनों की मदद से निकाला गया।