फतेहाबाद। शहर के एसबीआई रोड पर होने वाले जलभराव की समस्या से अब जल्द निजात मिलने वाली है। नगर परिषद ने भट्टू रोड से सिरसा रोड वाया एसबीआई रोड तक स्टॉर्म वाटर लाइन डालने का काम पूरा कर लिया है। शनिवार को एजेंसी द्वारा भट्टू रोड को वन वे करके मुख्य कनेक्शन जोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है।
नगर परिषद वाटर स्टॉर्म पाइप लाइन से पानी निकासी जनस्वास्थ्य विभाग के करीब 15 साल से बंद टैंक में करेगा। यहां पर बारिश के पानी की निकासी और यहां से मोटर के जरिये पानी को खैरातीखेड़ा रोड स्थित एसटीपी में निकाला जाएगा। नगर परिषद करीब 39 लाख रुपये से बारिश के पानी की निकासी के लिए पाइप लाइन डलवा रहा है। ये टैंक शहर में पानी के स्टोरेज को लेकर बनाया गया था लेकिन बाद में आबादी बढ़ने के कारण खैराती खेड़ा रोड पर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया गया।
पाइप लाइन शुरू होने के बाद मुख्य तौर पर एसबीआई रोड पर स्थित दुकानदारों, बत्रा कॉलोनी, अनाजमंडी क्षेत्र के लोगों को फायदा होगा। नगर परिषद ने इसको लेकर करीब दो साल पहले प्रोजेक्ट बनाया था। ये प्रोजेक्ट मॉडल रोड का बनाया गया लेकिन अनुमति देरी से मिलने के कारण काम शुरू नहीं हो पाया। फिलहाल अब एसबीआई रोड पर स्टॉर्म वाटर लाइन डलने के बाद मॉडल रोड बनाने का काम भी शुरू हो गया है।
2.18 करोड़ से बनेगा मॉडल रोड
नगर परिषद एसबीआई रोड को मॉडल रोड बना रहा है। ये रोड करीब 2.18 करोड़ की लागत से बनेगा। इस रोड की खासियत ये होगी कि इसे आरसीसी बनाया जा रहा है। इसके अलावा यहां पर दोनों तरफ आधुनिक स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। इसके अलावा बैठने के लिए बैंच भी रखे जाएंगे। सुंदरीकरण के लिए नगर परिषद इस रोड पर फूलदार पौधे लगवाएगा। करीब दो साल पहले सीएम कार्यालय के निर्देश पर नगर परिषद ने एसबीआई को मॉडल रोड बनाने के लिए चयन किया था।
काम में देरी होने पर बोले लोग-
नगर परिषद द्वारा रोड बनाया जा रहा है। गड्ढे होने से रात के समय कई दोपहिया वाहन चालक इसमें गिर चुके हैं। जिसको लेकर जेई को बोला गया है, मगर अभी 15 दिनों से भी अधिक का समय बीत जाने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई है।
- विनोद सिंगला, स्थानीय निवासी
मॉडल रोड बनाने के नाम पर पिछले 6 माह से इसे तोड़ा जा रहा है। जिससे मेरे घर के पेयजल की सप्लाई का पाइप टूट गया है। दो बार अपने खर्च पर पानी का कनेक्शन ठीक करवा चुका हूं। इस बारे में विभाग से कई बार शिकायत की है, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई।
-भारतभूषण, स्थानीय निवासी
सड़क निर्माण में देरी के कारण बारिश के दौरान दुकानों में पानी घुस गया था। कई जगह गड्ढे भी हो चुके हैं। वहीं अब इन गड्ढों में जमा पानी में मच्छर पैदा रहे हैं। जिसके कारण बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है।
-रोहताश कुमार, स्थानीय निवासी
एसबीआई रोड पर मेरी चाय की दुकान है। पानी के बदबू मारने के कारण पिछले 20 दिनों से दूकान पर ग्राहकों की संख्या कम हो गई है। प्रशासन से मांग है कि इस मार्ग का काम जल्द से जल्द पूरा करवाया जाए।
-सुभाष शर्मा, दुकानदार, एसबीआई रोड
एसबीआई रोड पर डाली गई स्टॉर्म वाटर लाइन का कनेक्शन जनस्वास्थ्य विभाग के बंद पड़े टैंक में किया जा रहा है। पानी की निकासी टैंक में होगी और यहां से मोटर के जरिये खैराती खेडा रोड पर स्थित एसटीपी में निकाला जाएगा।
- सतपाल रोज, एसडीओ जनस्वास्थ्य विभाग
-
एसबीआई रोड पर पाइप लाइन डलने के बाद मॉडल रोड बनाने का काम शुरू करवा दिया गया है। पाइप लाइन का मुख्य कनेक्शन जोड़ने का काम चल रहा है। जल्द ये प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा।
- राजेश भांभू, जेई नगर परिषद