फतेहाबाद। शहर के भट्टू रोड स्थित आदर्श कॉलोनी में जाने वाले रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। सोमवार सुबह बिजली निगम द्वारा दीवार के निर्माण को लेकर चल रहे काम को कॉलोनी निवासियों ने बंद करवा दिया। कॉलोनी निवासियों ने कहा कि रास्ते को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और विधायक दुड़ाराम के सामने मांग रखी जा चुकी है लेकिन बिजली निगम के अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। अगर रास्ता बंद हो जाएगा तो आने-जाने को दिक्कत होगी।
कॉलोनी निवासी देवीलाल नैन, भगवान दास, मोहम्मद रफी, नवनीत, धर्मबीर, फुली देवी, निर्मला देवी ने बताया कि वर्ष 1983 में आदर्श सोसायटी की तरफ से कॉलोनी काटी गई थी। इस दौरान तीन रास्ते छोड़े गए थे, जो कि भट्टू रोड को मिलते थे। वर्ष 2002 में बिजली निगम ने कुछ जगह अधिग्रहण कर ली, जो कि रास्ते बीच में आ गए। लेकिन एक रास्ता 29 फुट चौड़ा छोड़ा गया था, जो कि भट्टू रोड का जाता है लेकिन बिजली निगम इस रास्ते को भी कब्जे में ले रहा है और दीवार पर तारबंदी की जा रही है। अगर रास्ता बंद हो गया तो आना-जान मुश्किल हो जाएगा। बिजली निगम के अधिकारियों से भी इस संबंध में मिल चुके हैं।