भट्टूकलां। सिरसा के चौपटा थाना के गांव अरनियावाली से चुराई गई दो लाख रुपये की 10 लोहे की पाइप भट्टूमंडी में पुलिस ने बुधवार को कबाड़ी की दुकान से बरामद की है। सिरसा जिले के गांव अरनियावाली निवासी अनिल कुमार ने बताया कि उनके घर के आगे लोहे की 10 इंच की 10-12 ट्यूबवेल की पाइप रखी हुई थी। इन पाइपों का ट्यूबवेल लगाने में प्रयोग होता है, जिसकी कीमत करीब दो लाख है। जिसे अज्ञात चोर रविवार रात्रि एक वाहन में डालकर चुरा ले गए। उन्होंने तुरंत थाना चौपटा में मामला दर्ज करवाकर अलग-अलग स्थानों से सीसीटीवी कैमरे की फुटेज ले सुराग जुटा लिया। जोकि भट्टूमंडी में बंटी नामक कबाड़ी की दुकान पर मिला। आगामी कार्रवाई चोपटा पुलिस कर रही है। चोरी हुई यह पाइप भट्टूमंडी में हिसार मोड़ पर स्थित एक कबाड़ी की दुकान पर बेची जाने की सूचना मिलने पर चौपटा पुलिस थाने के एसएचओ राजाराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। यहां से चोरी की पाइपें बरामद हो गई। इन पाइपों का वजन करीब 11 क्विंटल है। इन सभी पाइपों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। चौपटा पुलिस बंटी से इस मामले में पूछताछ कर रही है।