गांव शेखुपुर सौत्तर के सरपंच जैलाराम का बेटा मक्खन सिंह शुक्रवार को किसी काम से रतिया आया था। उसने पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से 1 लाख 48 हजार रुपये निकलवाए और अपनी बाइक की डिग्गी में रख दिए। इसके बाद वह खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय आ गया। यहां बाइक खड़ी करने के बाद अपने एक परिचित से बात कर रहा था कि इसी दौरान दो युवकों ने बाइक की डिग्गी से रुपये निकाल लिए। मक्खन शोर मचाता हुआ उनके पीछे भी दौड़ा लेकिन वे हाथ नहीं आए। पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक शायद बैंक से ही मक्खन सिंह का पीछा कर रहे होंगे। आरोपियों की तलाश जारी है।