फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: तैयारी करके आए खेल मंत्री, पहली ही बैठक में अफसरों पर भड़के

विज्ञापन
बैठक के दौरान बात काटने पर डीडीपीओ को फटकार लगाते खेल मंत्री संदीप सिंह। - फोटो : Fatehabad
विज्ञापन
फतेहाबाद। सात महीने बाद शुक्रवार को डीपीआरसी हॉल में जिला लोक संपर्क एवं जनपरिवाद समिति की बैठक हुई। प्रभार मिलने के बाद पहली बैठक लेने पहुंचे खेल एवं युवा मामलों के राज्यमंत्री संदीप सिंह पूरी तैयारी के साथ आए। पहली शिकायत सुनने के दौरान ही अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई। बैठक में डीएसपी, डीडीपीओ, बिजली निगम के एक्सईएन से लेकर एडीसी तक पर भड़ास निकाली।
विज्ञापन

मंत्री ने तीन शिकायतों में कोर्ट केस का हवाला देने पर डीसी जगदीश शर्मा को भी स्पष्ट निर्देश दिए कि जो मामले अदालतों में विचाराधीन हैं, उनको परिवाद समिति की बैठक के एजेंडों में शामिल न करें। बैठक में नहीं आने वाले अधिकारियों से भी जवाब लेने को कहा। बैठक में कुल 16 परिवाद रखे गए, जिनमें से नौ का निपटान कर दिया गया, जबकि सात को अगली बैठक के लिए पेंडिंग रख दिया गया।
सहकारी समिति के मामले की एडीसी को जांच के आदेश
खेल मंत्री ने चंडीगढ़ निवासी नरेश गुप्ता द्वारा सहकारी समिति से संबंधित रखी शिकायत में कहा कि चार साल से मामले को लटका रखा है। अब चार्जशीट की गई है। इसमें जो भी कर्मचारी जिम्मेदार हैं, उनको शामिल करते हुए एडीसी अजय चोपड़ा को 15 दिन में जांच करके रिपोर्ट देने को कहा। वहीं, गांव शेखुपुर सोत्र निवासी राजेंद्र कुमार के संबंधित मामले की सुनवाई करते हुए खेल मंत्री ने शिकायतकर्ता द्वारा दी गई शिकायत की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि शिकायतकर्ता ने झूठी शिकायत की है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
विज्ञापन

बैंक अधिकारियों की क्लास ली
गांव ढिंगसरा निवासी केसू द्वारा पीएनबी से लोन संबंधी शिकायत रखने पर भी मंत्री ने बैंक अधिकारियों को खूब सुनाई। पीएनबी के रीजनल मैनेजर के साथ-साथ जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को भी लपेटे में लिया। मंत्री के पास ही बैठक में विधायक लक्ष्मण नापा और दुड़ाराम ने भी कहा कि बैंक वालों ने गदर मचा रखा है। लोन देने के नाम पर फाइल लटकाए रखते हैं। दोनों ने डीसी से कहा कि आप संज्ञान लो। मंत्री ने निर्देश दिए कि पात्र लोगों को लोन के लिए चक्कर न कटवाएं। संबंधित बैंक कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने को भी कहा। टोहाना निवासी डॉ. गगनदीप गर्ग द्वारा दी गई शिकायत के मामले में मंत्री ने एसपी को जांच करवाने के निर्देश दिए।
आपको समझ नहीं आ रही, बीच में क्यों बोल रहे हो
गांव भुंदडवास निवासी दीन मोहम्मद के गांव में पार्क बनवाए जाने से संबंधित मामले की सुनवाई करते हुए मंत्री ने डीडीपीओ बलजीत चहल को भी डांटा। हालांकि, डीडीपीओ अपना पक्ष रखना चाह रहे थे, लेकिन मंत्री ने उनकी बात को अनसुना करते हुए विभागीय जांच करने के आदेश दिए। मंत्री ने कहा कि शिकायत छह महीने पहले दी गई। पार्क बनाने का प्रस्ताव 15 दिन पहले पास किया। समय रहते काम होना चाहिए था।
एडीसी साहब मोबाइल फोन छोड़िए, मीटिंग में आए हैं तो उसी हिसाब से रहें
गांव भरपुर निवासी सूरजभान सिंह द्वारा दी गई फर्जी दिव्यांगता पेंशन से संबंधित शिकायत की सुनवाई करते हुए खेल मंत्री ने समाज कल्याण अधिकारी को एक सप्ताह के अंदर संबंधित दिव्यांग व्यक्ति की दिव्यांगता प्रमाण पत्र की जांच करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही एडीसी अजय चोपड़ा को इस मामले को व्यक्तिगत रूप से देखने को कहा। इस शिकायत की सुनवाई के समय एडीसी फोन पर बात कर रहे थे, मंत्री ने उनकी तरफ देखा और तैश में आकर बोले कि एडीसी साहब फोन छोड़िए, मीटिंग में आए हैं, तो उसी हिसाब से रहिये। तहसील उकलाना के गांव किनाला निवासी राजेश कुमार की बिजली निगम से संबंधित मामले की सुनवाई करते हुए खेल मंत्री ने इस मामले की जांच पुलिस विभाग से करवाने के निर्देश दिए।
सोमवार को मौके का मुआयना करें...
मातुराम कॉलोनी हरपाल, राजेंद्र, किशन कुमार व राजकुमार आदि की बिजली निगम से संबंधित शिकायत की सुनवाई करते हुए खेल मंत्री ने एसडीएम राजेश कुमार के नेतृत्व में बिजली निगम के एसई बिजली निगम, नगर परिषद ईओ, नगर परिषद चेयरमैन को संयुक्त रूप से सोमवार 26 दिसंबर को मौके का मुआयना करके जांच रिपोर्ट डीसी को सौंपने को कहा। खेल मंत्री ने गांव माजरा निवासी महेंद्र कुमार की अग्निशमन विभाग की संबंधित एमआई2सी एंड फेसिलिटिज कंपनी नई दिल्ली को जिले में ब्लैक लिस्टेट करने के निर्देश दिए।
पहली बार परिवाद समिति सदस्यों को मंच पर मिली जगह
बैठक में पहली बार परिवाद समिति सदस्यों को पूरी तरजीह मिली। बैठक में पहुंचे समिति सदस्य पूर्व विधायक स्वतंत्र बाला चौधरी, राजेंद्र प्रजापति, रमेश मेहता, रामराज मेहता आदि को मंत्री के पीछे मंच पर बैठाया गया। इससे पहले कई बैठकों में समिति सदस्य तवज्जो नहीं मिलने से नाराज नजर आते थे। बाद में सदस्यों ने बैठक में आना भी छोड़ दिया था।
कोट
जिला परिवाद समिति की बैठक में रखे जाने वाले मामले से संबंधित हर अधिकारी को बुलाने के लिए कहा गया है। बैठक को गंभीरता से नहीं लेने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई भी होगी।
विज्ञापन

-संदीप सिंह, खेल एवं युवा मामला राज्य मंत्री
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें