फतेहाबाद के भूना रोड पर आग लगने के बाद क्षतिग्रस्त हुई कार
फतेहाबाद। शहर के भूना रोड पर सोमवार दोपहर को एक कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कार को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने दमकल विभाग को सूचित किया। दमकल विभाग की गाड़ी जब तक मौके पर पहुंची तब तक कार पूरी तरह से जलकर खाक हो चुकी थी।
गाड़ी मालिक अशोक नगर निवासी वेदप्रकाश ने बताया कि वह दो दिन पहले मेहंदीपुर बालाजी व खाटू श्याम गया हुआ था। गाड़ी में कोई दिक्कत आने पर वह फतेहाबाद के भूना रोड पर सतपाल मोटर गैराज पर गाड़ी को ठीक करवाने आया था। दोपहर को अचानक गाड़ी में किसी प्रकार का शाॅर्ट सर्किट हुआ और एक धमाका हुआ। इसके बाद आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी कार चपेट में आ गई। उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया व दमकल को सूचना दी, लेकिन जब तक दमकल कर्मी आते, तब तक पूरी गाड़ी जल चुकी थी।