भूना। विश्वास नव शारदा पब्लिक स्कूल में सोमवार को दूसरे दिन राज्यस्तरीय बास्केटबाल प्रतियोगिता में कई टीमों के बीच कड़े मुकाबले हुए। प्रतियोगिता के दूसरे दिन जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी वेद सिंह दहिया व विश्वास स्कूल की मुखिया मंजू खुराना ने टीम परिचय के साथ खेल का आरंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल प्रिंसिपल मुकेश मोंगिया ने की। सहायक जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी विजय जग्गा ने बास्केटबाल व फुटबाल खेल का पूरे दिन जायजा लिया। बास्केटबाल अंडर 14 आयु वर्ग की लड़कियों की प्रतियोगिता में दूसरे दिन फतेहाबाद व सिरसा के बीच रोचक मुकाबला हुआ। कड़े संघर्ष के बीच सिरसा की टीम मात्र एक अंक से विजयी हुई। सिरसा की टीम ने 22 व फतेहाबाद की टीम ने 21 अंक हासिल किए। पानीपत की टीम ने महेंद्रगढ़ की टीम को 15-2 से, झज्जर की टीम ने रेवाड़ी की टीम को 9-6 से, रोहतक की टीम ने अंबाला की टीम को 18-4 से, जींद की टीम ने गुरुग्राम की टीम को 30-12 से, हिसार की टीम ने पलवल की टीम को 12-2 से, सोनीपत की टीम ने पंचकूला की टीम को 17-8 से, जींद की टीम ने कैथल को 16-2 से पराजित किया। इस मौके पर विश्वास स्कूल के डायरेक्टर डॉ.गौरव खुराना, पूर्णचंद कंबोज, मास्टर गुलाब सिंह, पहलवान कुलदीप सिंह, दलीप सिंह, कोच अनीता देवी, बलजीत सिंह रतिया, कोच अनिल कुमार, सतीश फतेहाबाद, संदीप सिंह रतिया आदि मौजूद थे।