भूना(फतेहाबाद)। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला वीरवार दोपहर बाद गांव दहमान में शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे। दुष्यंत चौटाला हेलीकॉप्टर से उतरकर सीधे काफिले में गाड़ियों के साथ सुभाष दहिया के घर पहुंचे। गांव में एक वृद्ध महिला ने दुष्यंत से कहा कि बेटा मैं रिश्ते में तेरी बुआ लगती हूं, आवाज दुष्यंत के कानों में पड़ी तो उन्होंने तुरंत अपनी जेब से 500 रुपये निकाल कर वृद्ध महिला के हाथों में थमाकर आशीर्वाद लिया। हालांकि, वृद्ध महिला ने पैसे लेने से इनकार किया तो, दुष्यंत ने कहा बुआ बनी है तो अब पैसे लेने पड़ेंगे।
गांव दहमान में सुभाष दहिया, उनके परिजनों व सैकड़ों समर्थकों ने उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का फूलमालाओं के साथ स्वागत किया। गांव के पास अस्थायी हेलीपेड पर हेलिकॉप्टर को देखने ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। गांव दहमान के सरपंच प्रतिनिधि मदनलाल यादव ने बरसाती पानी निकासी को लेकर प्रोजेक्ट को मंजूरी देने के लिए प्रस्ताव दिया, जिसको डिप्टी सीएम ने तुरंत मौके पर मौजूद अधिकारियों को एस्टीमेट बनाकर मंजूरी देने के आदेश जारी कर दिए। आगामी लोकसभा चुनाव में जजपा-भाजपा गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेंगे या अलग-अलग, इस पर जजपा के प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह ने कहा कि अभी लोकसभा और विधानसभा के चुनाव नहीं है, मगर फिर भी पार्टी इस पर विचार-विमर्श जल्द ही शुरू करेगी।
इस मौके पर जजपा नेता कुलजीत कुलड़िया, डॉ. वीरेंद्र सिवाच, सुरेंद्र लेगा, पूर्व चेयरमैन होशियार ढिल्लों, बलराज, रणधीर, विजेंद्र दहिया, साधुराम, पीडी शर्मा, पूर्व सरपंच चतर सिंह, निहाल सिंह दहिया, राजेंद्र फौजी, किशोर कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।
पुराने वृद्ध कार्यकर्ता को देखकर दुष्यंत ने कहा, घर चलो आपकी चाय पीएंगे
दुष्यंत चौटाला का काफिला जैसे ही सुभाष दहिया के घर पहुंचा तो 75 वर्षीय जयपाल दहिया जजपा पार्टी के झंडे के रंग की पगड़ी बांधे हुए दुष्यंत चौटाला को आशीर्वाद देने कार्यकर्ताओं की भीड़ में घुस रहे थे। दुष्यंत चौटाला की नजर उन पर पड़ गई। जैसे ही दुष्यंत कमरे में आए तो बुजुर्ग से कहा कि आप घर चलो आपकी चाय पीएंगे। इसके बाद सुभाष दहिया के घर से रवाना होने के बाद रास्ते में वृद्ध जजपा कार्यकर्ता जयपाल दहिया के घर जलपान किया।