जजपा प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह के घर से मिले सांप को दिखाते कैंचर नवजोत ढिल्लों की टीम सदस्य।
टोहाना। जननायक जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह के गांव मामुपूर स्थित घर में सांप निकल आया। इससे परिवार के सदस्यों में खलबली मच गई। इसके बाद सूचना गो रक्षा दल एवं एसपीसीए सदस्य नवजोत सिंह ढिल्लों को दी गई। जब नवजोत सिंह ढिल्लों की टीम मौके पर पहुंची तो सांप बल्ब के होल्डर के पीछे छिपा हुआ था, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद काबू कर लिया गया।जानकारी के अनुसार जजपा प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह के घर में दीवार पर सांप चढ़ते हुए देखकर परिवार के सदस्यों ने सूचना नवजोत सिंह ढिल्लों को दी। नवजोत की टीम के सदस्य रमन और करण ने देखा कि सांप बल्ब के होल्डर के पीछे छुपा हुआ है तो उसे होल्डर खोलकर पकड़ लिया गया। सांप को बाहर निकाला गया तो उसकी प्रजाति इंडियन वुल्फ स्नेक की मिली। नवजोत सिंह ढिल्लों ने बताया कि उनके पास कॉमन करैत सांप होने की सूचना दी गई थी, लेकिन जब उनकी टीम ने पकड़ा तो वह अलग प्रजाति का सांप था जो बिल्कुल भी जहरीला नहीं होता। ऐसे में अज्ञानता के कारण लोग इन सांपों को मार देते हैं। ये सांप हर कच्ची दीवारों, खाली प्लॉट व कच्चे मकान में मिल जाते हैं। इन सांपों को मारे नहीं यह परमात्मा के बनाए हुए जीव हैं, इसे जब भी देखें उनकी रेस्क्यू टीम को सूचित करें।