फतेहाबाद । प्रशासन का अल्टीमेटम खत्म होने के बाद नगर परिषद द्वारा सोमवार को शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान की शुरुआत नगर परिषद अधिकारियों ने हिसार रोड से की। यहां दुकानों के आगे रखे सामान को जब्त कर लिया गया। इस दौरान दुकानदारों ने नगर परिषद अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ झगड़ा किया। जवाहर चौक पर दुकानदार और नगर परिषद कर्मचारियों में धक्का-मुक्की भी हुई।
सन्यास आश्रम रोड पर फूल की दुकान से मेज उठाने पर दुकानदार ने हंगामा कर दिया और दूसरी दुकानों के आगे से भी मेज उठाने पर अड़ गया। पुलिस टीम के सामने ही दुकानदारों और नगर परिषद कर्मचारियों के बीच काफी नोंक-झोंक हुई। कार्रवाई के दौरान नगर परिषद अधिकारी और कर्मचारी चहेते दुकानदारों को राहत देते हुए भी नजर आए।
नगर परिषद को सोमवार और बुधवार को हटाना होगा अतिक्रमण
जिला नगर आयुक्त संजय बिश्नोई ने एक सप्ताह पहले दुकानदारों को रविवार तक अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दिया था। ये अल्टीमेटम खत्म होने के बाद सोमवार सुबह 10 बजे नगर परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक मुकेश शर्मा, एसआई महेश शर्मा, ओंकार सिंह और सफाई दरोगा ने टीम को साथ लेकर हिसार रोड से पहले अतिक्रमण हटवाया। इसके बाद डीएसपी रोड होते हुए जवाहर चौक पर पहुंचे। यहां पर दो दुकानों से सामान जब्त किया। इसके बाद टीम सन्यास आश्रम रोड पहुंची। टीम ने मोड़ पर स्थित फूल विक्रेता की मेज कब्जे में ले ली तो दुकानदारों ने दूसरे फूल विक्रेता की मेज भी कब्जे में लेने की मांग की और हंगामा किया। हंगामा के चलते नगर परिषद कर्मचारियों ने दूसरे फूल विक्रेताओं की मेज भी कब्जे में ले ली।
पुराना बस स्टैंड के सामने कब्जे में लिए 200 से ज्यादा नारियल :
नगर परिषद अधिकारी जहां हिसार रोड, डीएसपी रोड, जवाहर चौक में दुकानदारों को राहत दे रहे थे तो वहीं पुराना बस स्टैंड के सामने रेस्ट हाउस के बाहर पूरी नारियल पानी स्टॉल को कब्जे में ले लिया। टीम ने करीब 200 नारियल ट्रैक्टर-ट्रॉली में डाल लिए और नगर परिषद ले गए। वहीं डीएसपी रोड पर कई दुकानदारों ने पांच से छह फुट तक कब्जे किए हुए थे, उन्हें मात्र चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
भट्टू रोड पर नहीं लगी स्टॉलें
शहर के भट्टू रोड पर पब्लिक हेल्थ कार्यालय के सामने लगने वाली स्टॉलें नहीं लगी। इसके अलावा सिंचाई विभाग की आवासीय कॉलोनी के बाहर लगने वाली सब्जी और फल की स्टॉलें भी नहीं लगाई गई।
शहर में अतिक्रमण को लेकर सख्ती बरती जाएगी। सोमवार और बुधवार को अभियान चलेगा। जब्त किए गए सामान पर एक हजार रुपये तक जुर्माना किया जाएगा। हालांकि इस पर डीएमसी और ईओ ने निर्देश जारी करने हैं।
- मुकेश शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक