फतेहाबाद। गांव अहलीसदर के युवक को वर्क वीजा पर अमेरिका भेजने की जगह दुबई भेज दिया गया और 12 लाख रुपये ले लिए गए। युवक दुबई से अमेरिका भेजने का इंतजार करता रहा, लेकिन नहीं भेजा गया। पैसे खत्म हुए युवक घर लौट आया। मामले में सदर पुलिस ने गांव अहलीसदर निवासी रिंकू की शिकायत पर आरोपी गांव हिजरावां खुर्द निवासी हरमीत सिंह, जगजीत सिंह, बलदेव सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी व गबन के आरोप में मामला दर्ज किया है।पुलिस को दी शिकायत में रिंकू ने बताया कि वह वर्क बेस पर विदेश जाना चाहता था। आरोपी बलदेव सिंह ने कहा कि हरमीत सिंह विदेश भेजने का काम करता है। इसके बाद वह आरोपी हरमीत सिंह से मिला और उसने वर्क बेस पर अमेरिका भेजने के लिए राजी हो गया। इस दौरान आरोपी हरमीत सिंह का भाई जगजीत सिंह भी मौजूद था। आरोपियों ने कहा कि पहले रूस भेज देते हैं और वहां से अमेरिका भेज दिया जाएगा। आरोपियों ने उससे कुल 25 लाख रुपये मांगे और इसमें से 12 लाख रुपये पहले मांगे। आरोपियों ने फाइल खर्चा के लिए एक लाख रुपये पहले ले लिए। इसके बाद जब उसने संपर्क किया तो आरोपियों ने कहा कि पहले गुयाना भेज देते हैं। इसको लेकर तीन लाख रुपये ले लिए गए। इसके बाद आरोपियों ने कहा कि दिल्ली से गुयाना की सीधी फ्लाइट नहीं मिलेगी इसलिए पहले केन्या भेजेंगे। इसके बाद वह 7 दिसंबर 2021 को केन्या पहुंच गया। इसके बाद आरोपियों ने केन्या से गुयाना भेजने के लिए 6 लाख रुपये मांगे। इसके बाद आरोपियों ने 6 लाख रुपये ले लिए और उसे तीन माह तक गुयाना नहीं भेजा, तो उसने संपर्क किया तो आरोपियों ने केन्या से दुबई भेज दिया। 10 से 12 दिन दुबई में रहा और इस दौरान आरोपी हरमीत सिंह वहां आ गया और कहा कि अमेरिका भेजने का काम रुका हुआ है और उसे वापस इंडिया भेज दिया। 20 मार्च 2022 को भारत आ गया और इसके बाद पंचायत बुलाई गई।
पंचायत के बाद उसे 30 अप्रैल 2022 को दुबई भेज दिया गया। वह दुबई में 20 से 25 दिन रहा और आरोपी हरमीत सिंह भी पहुंच गया। इसके बाद उसे आरोपी ने आश्वासन दिया कि अमेरिका भेज देगा लेकिन 40 से 45 दिन बाद भी नहीं भेजा गया। दुबई का वीजा और पैसे खत्म हो गए। इसके बाद वह अपने घर इंडिया आ गया। उसने जब आरोपियों से पैसे मांगे तो सिर्फ आश्वासन दिए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।