फतेहाबाद। शहर में प्रॉपर्टी आईडी व अन्य समस्याओं को लेकर नगर परिषद और नगर पालिका में समाधान शिविर लगेंगे। अधिकारी सुबह 9 बजे से लेकर 11 बजे तक शिकायतें सुनेंगे। बता दें कि जिले के पांच शहरों में 95 हजार प्रॉपर्टी आईडी हैं। साथ ही गांवों में भी संपत्ति कार्ड व अन्य समस्याओं को लेकर खंड कार्यालय में समाधान शिविर रोजाना लगाए जाएंगे।
प्रदेश सरकार की ओर से शिविर से गायब रहने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि गांवों में क्रियान्वित की जा रही स्वामित्व योजना के तहत संपत्ति कार्ड सहित अन्य मुद्दों से संबंधित सार्वजनिक शिकायतों के समाधान को लेकर एक माह के लिए 22 अक्तूबर से प्रत्येक कार्य दिवस को सुबह 9 से 11 बजे तक खंड स्तर पर खंड कार्यालय में समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इन समाधान शिविर में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, समाज शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी, राजस्व पटवारी, ग्राम सचिव व अन्य खंड स्तर के अधिकारी व कर्मचारियों को भाग लेना है।
ये है शहरों में प्रॉपर्टी आईडी की स्थिति
शहर प्रॉपर्टी आईडी
फतेहाबाद 30,824
भूना 11,633
जाखल 4,713
रतिया 19,240
टोहाना 28,823
अधिकारी व कर्मचारी गैर हाजिर मिलने पर होगी कार्रवाई
जिला नगर आयुक्त संजय बिश्नोई ने बताया कि समाधान शिविर की संबंधित नगर परिषद के ईओ व नगरपालिका के सचिव दैनिक रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे, जिसमें प्राप्त शिकायतों, निपटारे और लंबित शिकायतों यदि कोई हो तो कारण प्रस्तुत करेंगे। यदि कोई अधिकारी व कर्मचारी समाधान शिविर से गैर हाजिर पाया जाएगा तो उसके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।