फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल के फ्लू क्लीनिक में बंद की गई कोरोना सैंपलिंग।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद में कोरोना जांच को लेकर सैंपलिंग एक बार फिर से रुक गई है। स्वास्थ्य विभाग के पास आरटीपीसीआर लैब में जांच के लिए किट ही खत्म हो गई है। इसके चलते जिले भर के फ्लू क्लीनिक में कोरोना सैंपलिंग रोक दी गई है। वीरवार को तीसरे दिन किसी भी सरकारी अस्पताल में आरटीपीसीआर सैंपल नहीं लिया गया।
आरटीपीसीआर जांच किट अंबाला वेयर हाउस से आनी है। इन किट को माइनस 40 डिग्री तापमान में लाना होता है लेकिन अंबाला में ड्राई आइस किट नहीं मिल रही है। इस वजह से कोरोना सैंपल जांच किट की सप्लाई नहीं हो रही है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि एक या दो दिन में आरटीपीसीआर जांच किट आ जाएंगी। विभाग के पास दो हजार किट आनी है।
रेपिड एंटीजन सैंपल पहले हो चुके हैं बंद
कोरोना जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग के पास रेपिड एंटीजन किट भी नहीं है। करीब 20 दिन से रेपिड एंटीजन सैंपल भी बंद है। रेपिड एंटीजन सैंपल का फायदा ये है कि इसकी रिपोर्ट आधे घंटे में ही मिल जाती है। आरटीपीसीआर लैब शुरू होने से पहले विभाग रेपिड एंटीजन सैंपल लेकर ही जांच कर रहा था। लेकिन अब किट भी खत्म हो चुकी है।
जिले में कोरोना महामारी की स्थिति
- जिले में अब तक लिए गए कोरोना सैंपल - 423646
- कोरोना संक्रमित मिल चुके - 20248
- कोरोना संक्रमित स्वस्थ हुए - 19742
- कोरोना संक्रमितों की हो चुकी मौत - 503
- फिलहाल जिले में एक्टिव केस - 3
आरटीपीसीआर जांच किट खत्म हो गई है। एक या दो दिन में दो हजार किट वेयर हाउस से आ जाएंगी। इसके बाद पहले की तरह ही जांच शुरू हो जाएगी। रेपिड एंटीजन जांच को लेकर भी फिलहाल किट नहीं है। मुख्यालय ने बजट की डिमांड मांगी है। बजट आने के बाद रेपिड एंटीजन किट खरीद सकेंगे। - मेजर डॉ. शरद तुली, उप सिविल सर्जन