टोहाना। चंडीगढ़ रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गए व्यक्ति के खाते से हजारों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शहर पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव मादुवाला निवासी हरविंद्र ने बताया कि वह अपने दोस्त के पिता भूपसिंह के डेबिट कार्ड से रुपये निकलवाने के लिए चंडीगढ़ रोड स्थित बैंक के एटीएम में गया तो वहां एक व्यक्ति ने उसका डेबिट कार्ड बदल लिया। जब वह अगले दिन अपने डेबिट कार्ड से रुपये निकलवाने के लिए गया तो रुपये नहीं निकले। इसके बाद उसे पता चला कि उसका डेबिट कार्ड बदल लिया गया है। बैंक जाकर जानकारी मिली कि उसके खाते से चार बार में कुल 16,700 रुपये निकाल लिए गए हैं। उसने शिकायत शहर पुलिस को दे दी है, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद