फतेहाबाद। शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को दिए गए टैबलेट को लेकर एसओपी जारी कर दी है। बोर्ड परीक्षाओं को लेकर कक्षा दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों को टैबलेट लौटाना होगा। अगर विद्यार्थी टैबलेट नहीं लौटाते हैं तो रोल नंबर जारी नहीं होगा। ये ही नहीं अगर विद्यार्थी ने टैबलेट गुम कर दिया है तो उसे दोबारा नहीं मिलेगा।
विद्यार्थियों से टैबलेट वापस लेने को लेकर स्कूल शिक्षकों की भी मुसीबत बढ़ गई है। शिक्षकों की माने तो कोई विद्यार्थी टैबलेट तोड़ चुका है तो किसी की सिम ब्लॉक हो गई है। जिले में तीनों कक्षाओं के 22726 विद्यार्थियों को टैबलेट मिल रखे हैं और 19955 छात्रों के टैबलेट में सिम भी एक्टिव है। अगर विद्यार्थी से टैबलेट गुम हो जाता है तो अभिभावक को इस संबंध में थाने में मामला दर्ज करवाना होगा। विद्यार्थी को शिक्षा विभाग दोबारा टैबलेट जारी नहीं करेगा।
वहीं विद्यार्थियों को एसएलसी भी तभी जारी होगी जब वह स्कूल को टैबलेट लौटाएगा। एसएलसी जारी करने से पहले विद्यालय द्वारा विद्यार्थी से टैबलेट, चार्जर व सिम जमा करवाना होगा।
स्कूलों में ये बांटे गए टैबलेट
दसवीं कक्षा : 7978
ग्यारहवीं कक्षा : 7104
बारहवीं कक्षा : 7639
टैबलेट में सिम की स्थिति
विद्यार्थियों को दिए टैबलेट : 22726
विद्यार्थियों को मिले सिम : 19955
विद्यार्थियों को नहीं मिले सिम : 2771
कक्षा दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए ये है गाइडलाइन
विद्यार्थी का अपना बोर्ड परीक्षा के रोल नंबर लेने के दिन स्कूल में अपना टैबलेट, चार्जर और सिम जमा करवाना होगा। टैबलेट जमा करवाए बिना रोल नंबर जारी नहीं होगा। अगर छात्र के पास टैबलेट का बॉक्स नहीं है तो स्कूल इंचार्ज को टैबलेट के पीछे आईएमईआई लिखना होगा।
कोट
टेबलेट को लेकर शिक्षा विभाग निदेशालय ने गाइडलाइन जारी कर दी है। टेबलेट स्कूल की संपत्ति है, ऐसे में दसवीं और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को नियम अनुसार जमा करवाने होंगे।
- दयानंद सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी