टोहाना। गांव बिढाईखेड़ा स्थित अपने निवास स्थान पर पंचायत एवं विकास मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने नवनियुक्त पंच-सरपंच, पंचायत समिति व जिला परिषद सदस्यों का अभिनंदन कार्यक्रम किया। मंत्री देवेंद्र बबली ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में पंचायती राज संस्थाओं की अहम भूमिका होती है। ग्रामीणों ने गांवों में पढ़े लिखे युवाओं का सरपंच व पंच पदों पर चुनाव किया।
ढोल नगाड़ों के साथ कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली से मिलने पहुंचे नवनिर्वाचित पंच-सरपंच, ब्लॉक समिति सदस्य व जिला परिषद पार्षदों ने कैबिनेट मंत्री को विकास का भरोसा दिया और कहा कि वे ग्रामीण विकास में सरकार की योजनाओं को धरातल पर लागू करने में सहयोग करेंगे। बबली ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल से समय लेकर जनवरी महीने में मधुर मिलन समारोह करेंगे।
लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए अपने दायित्व का निर्वहन करें
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि गांव के विकास को लेकर किसी तरह की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। नवनियुक्त जनप्रतिनिधि लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए अपने दायित्व का निर्वहन करें। जल्द ही सभी गांवों में स्ट्रीट लाइट व सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरा लगवाए जाएंगे।
बिना नाम लिए छोड़े शब्दबाण
बबली ने कार्यक्रम में बिना नाम लिए अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर शब्दबाण छोड़े। उन्होंने कहा कि सभी ईमानदार लोगों को जितवाकर जनता से साबित कर दिया कि अब जनता बहकावे में न आकर विकास के नाम पर वोट देगी। उन्हें पूरा यकीन है कि वे 2024 विधानसभा चुनाव में जनसहयोग से और मजबूती से जीत दर्ज करेंगे। जनता छलकपट करने वाले लोगों को सहन नही करेगी। सिर्फ काम के नाम पर वोट मांगने वालों को ही जनता स्वीकार करेगी। कार्यक्रम से डांगरा, दिगोह, मूस्साखेड़ा सहित कुछ गांवों के सरपंच नदारद भी रहे।
9 दिसंबर की भिवानी रैली का भी दिया न्योता
इस दौरान देवेंद्र बबली ने कहा कि 9 दिसंबर को जननायक जनता पार्टी का स्थापना दिवस भिवानी में मनाया जाएगा। रैली में जिला अनुसार ब्लॉक बनाए जाएंगे। उसमें टोहाना की भागीदारी अलग से नजर आनी चाहिए।