फतेहाबाद। रोडवेज के बेड़े में पुरानी बसें लगातार कंडम हो रही हैं, लेकिन नई बसों की मांग को अभी तक पूरा नहीं किया गया है। फतेहाबाद रोडवेज बेड़े में 17 बसों को कंडम घोषित करके उनको रोडवेज की कर्मशाला में खड़ा कर किया गया है। वहीं जिन बसों की मांग की गई है, उनको डेढ़ माह का समय हो गया है, लेकिन अभी तक इन बसों को रोडवेज निगम के पास नहीं भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार फतेहाबाद रोडवेज के बेड़े में इस समय जितनी भी रोडवेज की बसें चल रही हैं, उनमें अधिकांश बसें बीएस-4 हैं। इन बसों पर दिल्ली में जाने के लिए पहले ही बैन लगा दिया गया था। रोडवेज निगम को पिछले साल 10 बीएस-6 नई बसें मिली थी, जिनका संचालन दिल्ली के लिए कर दिया गया। बीएस-4 बसों को रोडवेज निगम लोकल रूटों पर चलाकर काम कर रहा था, लेकिन अब इनमें भी 17 बसों को कंडम घोषित कर दिया गया है। इसके अलावा 30 के करीब ऐसी बसें हैं, जो कोर्ट केस होने के कारण रोडवेज डिपु में ही खड़ी हैं। जिससे बसों के संचालन में परेशानी आ रही हैं।
52 से 55 सीटर बसों की कमी के कारण अब रोडवेज निगम को पिछले साल मिली 17 मिनी बसों व 13 पुरानी मिनी बसों के सहारे रूट संचालित करने पड़ रहे हैं।
डेढ़ माह से मांग, नहीं हो पा रही पूरी
रोडवेज निगम की ओर से फतेहाबाद रोडवेज का बेड़ा बढ़ाने के लिए सरकार से 30 बीएस-6 डीजल बसें, 10 सीएनजी की बसें व 5 सामान्य तथा 10 एसी बसों सहित 15 इलेक्टि्रक बसों की मांग भेजी गई है। करीब डेढ़ माह पहले इन बसों की मांग की गई थी, लेकिन अभी मांग पूरी नहीं हुई है।
-
रोडवेज निगम की ओर से सीएनजी, इलेक्टि्रक व सामान्य बसों को मिलाकर 55 बसों की मांग की गई है, जिनके मिलने की जल्द उम्मीद है। फिलहाल रोडवेज बेड़े में 195 बसें चल रही हैं और मिनी बसों का भी सहारा लिया जा रहा है।
हवा सिंह राड, स्टेशन अधीक्षक, फतेहाबाद रोडवेज, फतेहाबाद।