झोटे चोरी होने के मामले को लेकर बैठक करते ग्रामीण।
भूना। ग्राम पंचायत ढाणी सांचला-भोजराज में दो महीने पहले संदिग्ध परिस्थितियों में चोरी हुए दो झोटे नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। ग्रामीणों की बैठक में फैसला लिया गया कि अगर तीन दिन में झोटा चोर नहीं पकड़े गए तो वे रोड जाम कर आंदोलन शुरू कर देंगे।
बैठक की अध्यक्षता ढाणी सांचला के सरपंच राजेंद्र सिंह व ढाणी भोजराज के सरपंच प्रतिनिधि राजेश कुमार तथा पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि रामफल बुडानिया ने की। संचालन एडवोकेट अजय कुमार ने किया। ग्रामीणों ने बैठक में झोटे चोरी के मामले को लेकर तर्क-वितर्क भी किए। उन्होंने कहा कि झोटा चोरी के मामले में गांव का कोई भी व्यक्ति जरूर शामिल हो सकता है। इसलिए चोरी की घटना में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द काबू किया जाना चाहिए।
एडवोकेट अजय झाझड़ा ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई ढुलमुल होने के चलते एफआईआर दर्ज होने के बावजूद कोई भी जांच पड़ताल नहीं की गई। पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। ग्रामीणों ने निर्णय लेते हुए कहा कि अगर तीन दिन के अंदर चोरों को पुलिस काबू नहीं करती है, तो सिरसा-चंडीगढ़ रोड जाम करके आंदोलन शुरू किया जाएगा। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि जब भी पुलिस थाने में जाते हैं तो उन्हें एक ही रटा-रटाया जवाब मिलता है कि चोरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मगर दो महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस के खाली हाथ हैं।