जाखल। आमजन के लिए राहत भरी खबर है कि शहर के बीच में से गुजरते सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग चंडीगढ़-बुढलाडा मार्ग कड़ेल तिराहे से लेकर जाखल बस स्टैंड के आगे पंजाब सीमा तक करीब 2 किमी लंबा सड़क मार्ग अब जल्द ही नया व लगभग दो गुना चौड़ा होने जा रहा हैं। लोक निर्माण विभाग ने इस मार्ग का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है। प्रशासनिक अधिकारियों की मानें तो तीन माह की समयावधि में इस सड़क का निर्माण कार्य संपन्न कर दिया जाएगा।
विदित हैं कि लोक निर्माण विभाग द्वारा 60 करोड़ रुपए से निविदा जारी कर सुरेवाला चौक से टोहाना के हरियाणा-पंजाब के बॉर्डर पर निर्माण किए जा रहें 30.14 किमी लंबा मार्ग मजबूत व चौड़ा करने की परियोजना में जाखल शहर से गुजरते उक्त करीब दो किमी लंबे मार्ग का नवनिर्माण व चौड़ीकरण किया जाना है। बता दें कि इस परियोजना के तहत कड़ेल तिराहे का कायाकल्प भी किया जाएगा। ज्ञात हो कि कड़ेल तिराहा हरियाणा-पंजाब की सीमा पर स्थित है। इसके एक तरफ पंजाब के संगरूर जिला की हद है तो दूसरी तरफ हरियाणा के फतेहाबाद जिला की हद लगती है। यह तिराहा सही न बनने के चलते आए दिन दुर्घटनाएं घटित होती हैं।
सड़क कम चौड़ी होने से उत्पन्न होती रहती है जाम की स्थिति
चंडीगढ़- बुढलाडा मार्ग पर जाखल शहर के बीच से गुजरने वाले वाहनों की संख्या की दृष्टि से उक्त सड़क अपेक्षाकृत कम चौड़ी है। हरियाणा के जिला मुख्यालय की तरफ व राज्य के अन्य शहरों में आने जाने वाले अथवा पंजाब के मुनक, पातडा, पटियाला, चंडीगढ़ की तरफ आवाजाही करने वाले वाहन इस सड़क से गुजरते हैं। फिलहाल यह सड़क सिंगल लाइन होने से अक्सर यहां जाम की स्थिति उत्पन्न होती रहती है।
वाहन चालकों को मिलेगी बड़ी राहत
जाखल शहर के बीचो बीच में से गुजरते इस सड़क मार्ग पर दिनभर शहरवासियों का आना जाना भी लगा ही रहता है। बाजार में जाना हो, सरकारी, अर्ध सरकारी, बैंक आदि स्थानों पर विभिन्न कार्य पर आना जाना हो तो शहरियों समेत ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी इसी सड़क से आवाजाही करते हैं। ऐसे में हरियाणा पंजाब के विभिन्न शहरों की तरफ आवागमन करने वाले छोटे-बड़े वाहन भी इसी मार्ग से शहर से बाहर निकलकर हरियाणा पंजाब सीमा की तरफ निकलते हैं। इस स्थिति में शहर में स्थित इस मार्ग के करीब डेढ़ किमी के रास्ते को पार करने में वाहन चालकों का अधिक समय लग जाता है। इसी के मद्देनजर परियोजना में सरकार ने जाखल शहर से गुजरती इस करीब दो किमी सड़क को बनाने की स्वीकृति दी है। इसके निर्माण के बाद वाहनों के निकलने के लिए अतिरिक्त एक लेन मिल जाएगी। इससे वाहनों की रफ्तार पर अचानक ब्रेक नहीं लगेगा और वाहन आसानी से निकाल सकेंगे।
दो किलोमीटर लंबी तो 33 फुट होगी सड़क की चौड़ाई
सरल शब्दों में बताएं तो विभाग द्वारा जारी निविदा पत्र के मुताबिक जाखल शहर से गुजरते चंडीगढ़ बुढ़लाडा मार्ग की जो करीब दो किमी सड़क का नवनिर्माण किया जाएगा, उसमें इस सड़क की चौड़ाई 33 फुट की जाएगी है। इस सड़क की मौजूदा स्थिति बयां करें तो सड़क सिकुड़ कर लगभग 15 फुट ही रह गई है। सड़क पर धूल मिट्टी जमा होने से सड़क की चौडाई और भी कम हो गई है। मुख्य मार्ग होने के चलते इस सड़क पर 24 घंटे यातायात का दबाव रहता है। मौजूदा समय से सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। बारिश के दिनों में तो स्थिति और विकट हो जाती है।
कोट
जाखल में प्रस्तावित कड़ेल तिराहे से पंजाब सीमा तक करीब 2 किमी लंबी सड़क मार्ग बनाने का कार्य शुरू करवा दिया गया है। सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर 33 फुट की जाएगी। इस सड़क के नवनिर्माण व चौड़ीकरण कार्य होने से वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी। सड़क का निर्माण कार्य पूरा होने में करीबन तीन माह का समय लगेगा।
-अंकुर गर्ग, जेई लोक निर्माण विभाग टोहाना