फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: शहरवासी बोले, सार्वजनिक जगह पर खुला दरबार लगाओ, एसपी का जवाब, मैं पुराने शहर थाने में ही लगाऊंगी

Thu, 16 Mar 2023 11:05 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
लघु सचिवालय के सभागार में सामाजिक व व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते डीसी जगद
विज्ञापन
फतेहाबाद। सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा मंगलवार को किए गए शहर बंद का असर दिखने लगा है। वीरवार दोपहर बाद करीब दो घंटे तक डीसी जगदीश शर्मा व एसपी आस्था मोदी ने संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में डीसी व एसपी के समक्ष इन प्रतिनिधियों ने शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर खूब रोष जाहिर किया। लोगों ने कहा कि एसपी व डीसी सार्वजनिक स्थान पर खुला दरबार लगाकर शहरवासियों की समस्याएं सुनें। इस पर एसपी ने जवाब दिया कि वह सार्वजनिक स्थान के बजाय पुराने शहर थाने में ही समस्याएं सुनेंगी। आखिरकार 27 मार्च को दोपहर बाद 4 बजे एसपी आस्था मोदी के पुराने शहर थाने में खुला दरबार लगाने का फैसला सिरे चढ़ा।
विज्ञापन

बता दें कि मंगलवार को सामाजिक व व्यापारियों संगठनों के आह्वान पर दोपहर 12 बजे तक शहर बंद रखा गया था। इसके बाद एडीसी अजय चोपड़ा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया था। एडीसी ने जल्द ही प्रशासन के साथ बैठक करवाने का आश्वासन दिया था।

हमें नहीं चाहिए शहर से दूर बस स्टैंड, थाना व अस्पताल
बैठक में मुख्य रूप से जिंदगी संस्था के अध्यक्ष हरदीप सिंह, व्यापार मंडल प्रधान अशोक नारंग, सिटी वेलफेयर क्लब के प्रधान विनोद अरोड़ा, संगीता प्रणामी, मनदीप नथवान, महेंद्र धारणिया, पार्षद मोहन लाल नारंग, अनिल असीजा सहित कई प्रतिनिधि पहुंचे। इन प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रशासन ने शहर थाना व बस स्टैंड शहर से दूर बना दिए हैं। इस कारण आपराधिक घटनाएं बढ़ने लगी हैं। शाम होने के बाद नए बस स्टैंड से शहर तक आना भी मुश्किल हो गया है। बीच रास्ते में ही वारदात होने का डर रहता है। लोगों ने कहा कि हमें नहीं चाहिए शहर से दूर बस स्टैंड, थाना व अस्पताल। नशेड़ियों की संख्या बढ़ती जा रही है। जो आए दिन वारदात कर रहे हैं।
विज्ञापन

पंचायत, नगर पार्षद शराब ठेका न खोलने का प्रस्ताव पास करें
बैठक में डीसी जगदीश शर्मा ने कहा कि सब मिलकर ही जिले को नशा मुक्त बना सकेंगे। प्रशासन और जनता का तालमेल जरूरी है। शराब ठेका खोलने व बंद करने की समस्याओं के समाधान के बारे में डीसी ने बताया कि संबंधित ग्राम पंचायत या नगर पार्षद और वहां की जनता ठेका न खोलने का प्रस्ताव पास करके दें तो आगामी समय में सरकार के नियमानुसार वहां ठेका नहीं खुलेगा।

कार्यालय में सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक कोई भी नागरिक मिलें : एसपी
एसपी आस्था मोदी ने कहा कि किसी भी नागरिक को पुलिस से संबंधित समस्या है तो वे उनके कार्यालय में सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक मिल सकते हैं। व्हाट्सएप या फोन पर भी समस्याओं को अवगत करवा सकते हैं। रतिया में वहां के नागरिक शहर थाने के लिए शहर में जगह उपलब्ध करवा दें तो वहां थाना खुलवाया जा सकता है। तस्करों, अपराधियों, लूटमार व चोरियों की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस विभाग उचित कार्रवाई कर रहा है। एसपी ने बताया कि नागरिकों की कोई शिकायत है तो वे किसी भी समय अपने नजदीकी पुलिस चौकी में अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।

सामाजिक संगठनों ने ये रखी मांगें
- जिले में नशा पीड़ित रोगियों के स्थायी उपचार के लिए जिला मुख्यालय पर 100 और टोहाना व रतिया में 50-50 बेड का विशेष अस्पताल बनाए जाए।
- चिट्टा, हेरोइन व स्मैक आदि की नशा तस्करी में शामिल बड़े अपराधियों को उम्रकैद व फांसी की सजा का कानून बनाया जाए।
- जिले के शहरी क्षेत्र में 20-20 तथा प्रत्येक ग्रामीण क्षेत्र में 2 से 5 बाइक राइडर तैनात किए जाएं।
- जिला मुख्यालय व ग्रामीण स्तर पर नशा व आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए विशेष कमेटियां बनाई जाएं, जिनमें गैर राजनीतिक लोगों को ही शामिल किया जाए।
- कुछ पुलिसकर्मी व अधिकारियों पर आपराधिक वारदातों में संलिप्त लोगों से सांठगांठ करने के आरोप लगते रहे हैं, ऐसे में जिले में तैनात पुलिस के हर रैंक के कर्मचारी का दो साल से ज्यादा कार्यकाल न हो।
- रात्रि के समय पुलिस गश्त अन्य विभागों की तर्ज पर दो शिफ्ट में रात्रि 7 बजे से 2 बजे तक तथा उसके बाद 2 बजे से सुबह 6 बजे तक की जाए।
- जिला मुख्यालय की सीमाओं पर स्थायी चेकिंग पोस्ट बनें ताकि अपराधी वारदात के बाद सीमा से बाहर निकलने से पहले पकड़ा जा सके।
- नारकोटिक्स सेल भंग करके उनकी जगह प्रत्येक थाने में स्पेशल टीम बनाई जाए, जो सिर्फ नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए काम करें।
- शहर, गांव व ब्लॉक स्तर पर नशा सुधार काउंसलर नियुक्त किए जाएं।
- नगर परिषद, जिला परिषद व पंचायतों तथा जिला पुलिस को सभी चौक-चौराहों पर एचडी सीसीटीवी लगवाने के निर्देश दिए जाएं।
- शहरी क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में रात्रि के समय दो गश्त कर्मचारी नियुक्त किए जाएं, जिनके नंबर नगर परिषद व पुलिस प्रशासन द्वारा वार्ड के सार्वजनिक जगहों पर अंकित हो।
- एसपी व डीएसपी रैंक के अधिकारी का सप्ताह में दो बार सभी थाना चौकियों का निरीक्षण किया जाना सुनिश्चित किया जाए।

इन मांगों पर डीसी ने लगाई मुहर

- शहर में एचडी सीसीटीवी, हांसपुर कट, माजरा कट, भट्टू रोड, बीघड़ रोड कट के सुनसान रास्तों पर बढ़ेगी चौकसी, नहीं रहेगा अंधेरा, लाइटें लगाई जाएंगी।

- बसों का समय फिर होगा बदलेगा। अब शाम सात बजे से सुबह 9 बजे तक शहर से होकर जाएंगी बसें। सिटी बसों की संख्या भी बढ़ाएंगे।
- बिना नंबर बाइक और वाहनों पर शिकंजा कसा जाएगा। सार्वजनिक पार्कों में आमजन के लिए पुलिस चौकसी बढ़ेगी।

- कबाड़ की दुकानों पर रखी जाएगी विशेष नजर। चोरी का सामान खरीदा मिला तो कबाड़ी जाएंगे जेल।
- महिला कॉलेज-स्कूल क्षेत्र में दुर्गा शक्ति की टीमें फिर से गश्त करेंगी।

सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई है। उनकी समस्याओं को जाना गया है। एसपी आस्था मोदी 27 मार्च को खुला दरबार लगाएंगी। प्रशासन जनता की सेवा के लिए पूरी तरह तत्पर है।
विज्ञापन

-जगदीश शर्मा, डीसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें