फतेहाबाद में पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय
फतेहाबाद। सरकारी स्कूलों में गणतंत्र दिवस मनाने को लेकर इस बार निर्देश जारी हुए हैं और न ही बजट जारी किया गया है। जिला बनने के 27 सालों में पहली बार सरकारी स्कूलों में गणतंत्र दिवस समारोह नहीं मनाया जाएगा। वीरवार शाम तक गणतंत्र दिवस मनाने को लेकर स्कूल मुखिया भी असमंजस की स्थिति में रहे।
शिक्षा विभाग निदेशालय की तरफ से पहले स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस को लेकर निर्देश जारी होते रहे हैं और बजट भी जारी हुआ है। गांव की सबसे ज्यादा पढ़ी-लिखी बेटियों से ध्वजारोहण करवाया जाता रहा है। लेकिन इस बार ऐसे कोई निर्देश नहीं दिए गए हैं।
प्राइमरी स्कूलों में चल रही हैं छुट्टियां
शिक्षा विभाग ने ठंड को देखते हुए प्राइमरी स्कूलों में छुट्टियां कर रखी है। हालांकि स्कूल शिक्षकों को आने के निर्देश है लेकिन हाजिरी न के बराबर है। हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में कक्षा दसवीं और बारहवीं की प्री बोर्ड परीक्षाएं चल रही है।
पहली बार ऐसा होगा कि स्कूलों में गणतंत्र दिवस पर समारोह को लेकर निर्देश जारी नहीं हुए हैं। स्कूल मुखिया भी असमंजस की स्थिति में है। शिक्षा विभाग को इसको लेकर समय रहते निर्देश देने चाहिए और बजट भी जारी करना चाहिए ताकि अच्छे से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा सके।
- देवेंद्र सिंह दहिया, राज्य चेयरमैन, राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ
-गणतंत्र दिवस कार्यक्रम को लेकर फिलहाल कोई निर्देश निदेशालय की तरफ से नहीं आए हैं। स्कूल मुखिया अपने स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर सकते हैं।
-दयानंद सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी