रतिया। अनाज मंडी में गेहूं के सीजन के दौरान मार्केट कमेटी सचिव प्रशासक को बिना सूचना दिए मुख्यालय छोड़कर ड्यूटी से गैरहाजिर हो गए। मार्केट कमेटी प्रशासक एवं एसडीएम जगदीश चंद्र ने सचिव नरेंद्र कुंडू के खिलाफ कार्रवाई के लिए उपायुक्त व मार्केटिंग बोर्ड के निर्देशक को पत्र भेज दिया है। साथ ही मार्केट कमेटी के सचिव के कार्यों की उच्चस्तरीय जांच करवाने के लिए पत्र भेजा गया है। वहीं, मार्केट कमेटी सचिव ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है।
रतिया मार्केट कमेटी के प्रशासक एवं एसडीएम जगदीश चंद्र को व्यापारियों द्वारा शिकायत दी जा रही थी कि अनाज मंडी में गेहूं का सीजन शुरू हो चुका है और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए जब भी मार्केट कमेटी कार्यालय जाते हैं, तो सचिव नरेंद्र कुंडू वहां मौजूद नहीं होते और न हीं अधिकारियों व व्यापारियों के फोन उठाते हैं, जिस पर एसडीएम जगदीश चंद्र ने नायब तहसीलदार अशोक कुमार को मार्केट कमेटी का निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे।
एसडीएम के निर्देशों के बाद नायब तहसीलदार अशोक कुमार शनिवार सुबह जब अनाज मंडी का निरीक्षण कर रहे थे तो उन्होंने मार्केट कमेटी सचिव को मौके पर बुलाने के लिए कई बार फोन किया। मगर, सचिव ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद नायब तहसीलदार रिकॉर्ड चेक करने के लिए मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंच गए, वहां पर भी नायब तहसीलदार को मार्केट कमेटी सचिव के बारे में कुछ पता नहीं लगा। इसके बाद नायब तहसीलदार अशोक कुमार ने सचिव के मौके पर न होने के बारे में एसडीएम जगदीश चंद्र को रिपोर्ट दी। रविवार को फिर नायब तहसीलदार मार्केट कमेटी कार्यालय में गए तो मार्केट कमेटी सचिव फिर भी मौके पर नहीं मिले, जिसकी सूचना एसडीएम जगदीश चंद्र को दी गई।
बताया गया है कि एसडीएम ने भी मार्केट कमेटी सचिव को कई बार फोन किए, लेकिन सचिव ने उनका भी फोन नहीं उठाया। इसके बाद एसडीएम ने रतिया शहर थाना अध्यक्ष को सूचना देकर मार्केट कमेटी सचिव की खोजबीन के निर्देश दिए। रतिया शहर थाना अध्यक्ष भी मार्केट कमेटी कार्यालय में पहुंचे, उन्हें भी सचिव मौके पर नहीं मिले। इसके बाद थाना अध्यक्ष ने भी मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र कुंडू को कई बार फोन किया, लेकिन कमेटी सचिव ने उनका भी फोन नहीं उठाया। थाना अध्यक्ष ने अपनी रिपोर्ट एसडीएम जगदीश चंद्र को दी। अब एसडीएम जगदीश चंद्र ने मार्केट कमेटी के सचिव द्वारा बिना सूचना दिए मुख्यालय छोड़ने और ड्यूटी से गैरहाजिर पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई के लिए उपायुक्त और मार्केट कमेटी निदेशक को पत्र लिखा है।
कोट
मार्केट कमेटी सचिव के खिलाफ निरंतर शिकायत मिल रही थी। जब नायब तहसीलदार और थाना अध्यक्ष को मार्केट कमेटी कार्यालय भेजा तो शनिवार को सारा दिन और रविवार सुबह भी सचिव मौके पर नहीं मिले। और न ही किसी अधिकारी का फोन उठाया। सीजन के कारण मार्केट कमेटी सचिव का कार्यालय में होना अत्यंत जरूरी है। सचिव द्वारा अपनी जिम्मेदारी सही ढंग से नहीं निभाने्, बिना सूचना दिए मुख्यालय छोड़ने पर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा गया है। साथ ही गैर हाजिर पाए जाने पर उनके वेतन में भी कटौती की जाएगी।
-जगदीश चंद्र, एसडीएम, रतिया
कोट
मैं शनिवार शाम को 6 बजे तक कार्यालय में था। रविवार सुबह भी गांव लांबा सहित अन्य खरीद केंद्र में निरीक्षण करके आया हूं। नोटिस के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है।
-नरेंद्र कुंडू, सचिव, मार्केट कमेटी रतिया