भूना। जय बाबा राणाधीर कॉलोनी में भूखंड देने के नाम पर अनाज मंडी भूना के एक व्यक्ति पर लाखों रुपये डकारने और रजिस्ट्री न करवाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने आरोपी सुशील कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उकलाना के गांव गैबीपुर के रहने वाले श्रवण कुमार ने एसपी आस्था मोदी को शिकायत पत्र दिया है। इसमें आरोप लगाया है कि सुशील कुमार से एक भूखंड नंबर 122 बा रकबा 1.27 मरले जय बाबा राणाधीर काॅलोनी भूना में 1,45,000 रुपये प्रति मरला के हिसाब से 26 जुलाई 2012 को 50 हजार रुपये महेंद्र सिंह व सुरेश कुमार के सामने साई के तौर पर दिए थे। दो अगस्त 2012 को 2,10,000 रुपये और सुशील कुमार को दिए। इस दौरान सुशील कुमार ने हाथ से लिखकर दिया कि मैंने उपरोक्त दोनों गवाहों के सामने 2,60,000 रुपये प्राप्त कर लिए हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बकाया राशि भूखंड की रजिस्ट्री के समय 10 अक्तूबर 2012 को देने के लिए तय हुई थी। इसलिए भूखंड की रजिस्ट्री करवाने के नाम पर 10 अक्तूबर को पीछे की राशि मिलाकर सहित 10,54,450 दोनों गवाहाें की मौजूदगी में श्रवण कुमार ने सुशील कुमार को भुगतान कर दिया। परंतु आरोपी ने उसी दिन रजिस्ट्री नहीं करवाई और अगले दिन करवाने का भरोसा देकर उन्हें भेज दिया। लंबे समय तक वह रजिस्ट्री करवाने के लिए आरोपी के प्रतिष्ठान पर चक्कर काटते रहे। कई बार पंचायती रूप से भी मामले को निपटने की कोशिश की गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पंचायत में सुशील कुमार जय बाबा राणाधीर कॉलोनी में भूखंड के नाम पर पैसे लेने की बात मौजिज लोगों के सामने स्वीकार कर रहा है। परंतु रजिस्ट्री करवाने में आना-कानी कर रहा है। इसलिए उसके साथ धोखाधड़ी की गई है।
एसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी सुशील कुमार के खिलाफ धारा 420, 406 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर लिया है। भूना थाना प्रभारी शादीराम ने बताया कि भूखंड देने के नाम पर लाखों रुपये गलत तरीके से वसूल करने की शिकायत मिली है। इस पर धोखाधड़ी सहित अन्य आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज करके मामले की तफ्तीश कर रहे हैं।