फतेहाबाद। आयुष्मान भारत योजना में 1.80 लाख वार्षिक से कम आय वाले परिवारों को भी इसमें शामिल किया गया है। ये कार्ड कॉमन सर्विस सेंटरों पर भी बनाए जा रहे हैं लेकिन सीएससी संचालकों की मनमानी शुरू हो गई है। जिले के कई सीएससी संचालक 50 से 100 रुपये लेकर कार्ड बनाने के लिए वसूल रहे हैं जबकि सीएससी पर निशुल्क कार्ड बनाए जाने हैं। इसको लेकर कई शिकायतें अधिकारियों के पास पहुंच चुकी है लेकिन अभी तक कोई एक्शन नहीं लिया गया है।
अहम बात यह है कि जिले में 720 में से 400 सीएससी पर ही आयुष्मान कार्ड बनाने की मंजूरी मिली हुई है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग द्वारा खोले गए आयुष्मान मित्र केंद्र पर भी कार्ड बनाए जा रहे हैं। जिले में अब तक 40 हजार कार्ड बनाए जा चुके हैं।
1.80 लाख से कम आय वाले परिवारों को किया गया है शामिल
आयुष्मान भारत योजना में पहले वर्ष 2011 की सूची के अनुसार आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों को शामिल किया गया था। जिसमें से 63554 परिवारों में से 43716 परिवारों के ही कार्ड बने है। करीब 130325 लाभार्थियों के कार्ड बनाए जा चुके है। अब 1.80 लाख से कम आय वाले परिवारों के कार्ड बनाए जा रहे है। स्वास्थ्य विभाग ने परिवार पहचान पत्र से ये डाटा लिया है और सूची तैयार की है।
योजना के तहत इतने लाभार्थियों को मिला लाभ
योजना के तहत लाभ लेने वाले लाभार्थी :10320
सरकारी अस्पताल में उपचार लेने वाले लाभार्थी : 917
निजी अस्पताल में लाभ लेने वाले लाभार्थी : 9403
कोट
आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभार्थियों के कार्ड सीएससी पर बनाए जा रहे हैं। ये कार्ड निशुल्क बनाए जा रहे हैं। कई केंद्रों पर रुपये लेने को लेकर शिकायतें आ रही है। इसको लेकर केंद्रों पर जाकर जांच की जाएगी और रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।
-शिल्पा नारंग, जिला मैनेजर, सीएससी