रतिया। रतिया-टोहाना रोड पर भगत सिंह चौक के पास रोजाना लगने वाले जाम के कारण वाहन चालकों के साथ-साथ शहरवासियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस चौक पर रेहड़ियों के जमघट के कारण लंबा जाम लग गया। कई घंटे तक जाम में वाहन चालक परेशान रहे।
कुछ समय पहले नगरपालिका सचिव द्वारा अनाज मंडी रोड व भगत सिंह चौक के आसपास लगने वाली रेहड़ियों को हटवाया गया था। साथ ही अतिक्रमण भी हटवाया गया था, जिसके बाद चौक अतिक्रमण मुक्त हो गया था और जाम से भी निजात मिल गई थी। मगर अब फिर कुछ समय से अनाज मंडी रोड व भगत सिंह चौक के आसपास काफी रेहड़िया लगनी शुरू हो गई हैं। जिस कारण भगत सिंह चौक के आसपास हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। इस जाम के कारण रतिया से टोहाना रोड को जाने वाले वाहन चालक और अनाज मंडी व मेन बाजार में प्रवेश करने वाले वाहनचालकों को दिक्कत होती है। इस संबंध में नगरपालिका सचिव पंकज जून ने बताया कि उन्होंने पहले भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। मगर कुछ समय सरकारी कार्यों में व्यस्त रहने के कारण उधर ध्यान नहीं हो पाया है। अब फिर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा और चौक में खड़ी रेहड़ियों को भी हटाया जाएगा।