फतेहाबाद। नगर परिषद ने आखिरकार आशीर्वाद पैलेस रोड पर मॉडल रोड के निर्माण से पहले बारिश के पानी की निकासी के लिए पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया है। एजेंसी ने सिरसा रोड की तरफ से काम शुरू किया है। नगर परिषद द्वारा भट्टू रोड तक पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसके बाद इस पानी की निकासी जनस्वास्थ्य विभाग के करीब 15 साल पुराने खाली टैंक में की जाएगी।
यहां से पानी को मोटर के जरिये खैरातीखेड़ा रोड पर बने एसटीपी में निकाला जाएगा। हालांकि, नगर परिषद सीधा खैरातीखेड़ा रोड पर बने एसटीपी से कनेक्शन जोड़ने की जगह खाली टैंक में निकासी कर रहा है। यहां से मुख्य लाइन से पानी होता हुआ एसटीपी में निकलेगा।
जनस्वास्थ्य विभाग के इस टैंक में पहले नहरी पानी को स्टोर किया जाता था। इसके बाद पानी को फिल्टर करके शहर में सप्लाई दी जाती थी। मगर शहर की आबादी बढ़ने के साथ खैरातीखेड़ा रोड पर 10-10 एमएलडी के दो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जा चुके हैं। यहां से ही पानी की शहर में सप्लाई हो रही है। इसके चलते ये टैंक करीब 15 सालों से खाली है।
मॉडल रोड पर नहीं रुकेगा बारिश का पानी
मॉडल रोड के निर्माण से पहले आशीर्वाद पैलेस रोड पर नगर परिषद प्रशासन द्वारा पाइप लाइन बिछाई जा रही है। फिलहाल यहां पर बारिश के दौरान जलभराव हो जाता है। बारिश के पानी की निकासी के लिए पाइप लाइन बिछाने के बाद यह समस्या खत्म हो जाएगी। नगर परिषद प्रशासन करीब 47 लाख रुपये से पाइप लाइन बिछवा रहा है।
2.40 करोड़ से बनना है मॉडल रोड
नगर परिषद द्वारा मॉडल रोड प्रोजेक्ट का डिजाइन करीब दो साल पहले तैयार करवाया गया था। मगर निदेशालय से अनुमति नहीं मिलने के चलते प्रोजेक्ट अटका रहा। पिछले दिनों अनुमति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। करीब 2.40 करोड़ रुपये से मॉडल रोड बनेगा। ये रोड भट्टू रोड वाया एसबीआई-आशीर्वाद पैलेस रोड होते हुए सिरसा रोड तक बनेगा।
-
16 इंच की पाइप लाइन बिछाई जा रही है : एक्सईएन
आशीर्वाद पैलेस रोड पर बारिश के पानी की निकासी के लिए पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है। करीब 16 इंच की पाइप लाइन बिछाई जा रही है। एसडीओ की निगरानी में काम चल रहा है। काम में कोताही नहीं बरतने दी जाएगी। पाइप लाइन बिछने के बाद मॉडल रोड का निर्माण शुरू हो जाएगा।
- अमित कौशिक, कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद फतेहाबाद