रतिया। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की खंड रतिया इकाई ने तबादला प्रक्रिया शुरू करने के लिए सोमवार को बीईओ कार्यालय पर रोष प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में रतिया के सभी क्लस्टरों के शिक्षकों ने भाग लिया और नारेबाजी कर रोष जताया। प्रदर्शन की अध्यक्षता खंड प्रधान पवन पचार ने की जबकि संचालन कोषाध्यक्ष मिथलेश रोहिल्ला ने किया।
प्रदर्शन के बाद संघ का प्रतिनिधिमंडल बीईओ अनिता रानी से मिला और उन्हें मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में संघ के राज्य चेयरमैन देवेंद्र दहिया, जिला उपप्रधान विनोद मूंड व जिला कार्यकारिणी सदस्य परसा राम भी मौजूद रहे। खंड प्रधान पवन पचार ने मांग की कि सामान्य तबादले होने तक सभी स्कूलों में छात्र संख्या के अनुपात में शिक्षकों के समायोजन की शक्तियां जिलास्तर पर दी जाए ताकि शैक्षणिक व्यवस्था उचित बन सके।
पेंशन स्कीम को खत्म कर ओल्ड पेंशन स्कीम लागू की जाए अन्यथा प्राथमिक शिक्षक संघ प्रदर्शन करता रहेगा। प्राथमिक विद्यालयों में दाखिले के समय परिवार पहचान पत्र की अनिवार्यता को खत्म कर विद्यालय के दाखिला रजिस्टर के दाखिला नंबर को ही रजिस्ट्रेशन का आधार मान एमआईएस पोर्टल पर बच्चों का दाखिला किया जाए।
राज्य चेयरमैन देवेंद्र दहिया ने कहा कि तबादला नीति में जोन सिस्टम बहाल करते हुए वरिष्ठता के अंक दिए जाए। प्राथमिक शिक्षकों के अंतरजिला जिला तबादले व सामान्य तबादले की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए। जिला उपप्रधान विनोद मूंड ने बताया कि हाल ही में विभाग द्वारा जारी सरप्लस अध्यापकों को प्रतिनियुक्ति पर समायोजित करने की आड़ में विभाग द्वारा पूरे राज्य में 337 विद्यालयों को बंद किया जा रहा है, जो आम जन मानस के अधिकारों का हनन है, इसलिए स्कूल मर्जिंग पूरी तरह से बंद हो। जेबीटी से टीजीटी के सभी विषयों के खाली पदों पर पदोन्नति की जाए। नई शिक्षा नीति के तहत प्राथमिक स्कूलों में छात्र-शिक्षक अनुपात 25:1 किया जाए।
इस मौके पर सतीश अहरवां, भारत गोयल, समीर कुकरेजा, संजय मेहता, भूषण धवन, राजीव कुमार, प्रदीप टुटेजा, पालाराम, राजेंद्र, मनोज, रामनिवास, कृष्ण, सुनील कुमार, सुरेंद्र सहित कई शिक्षक उपस्थित थे।