फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन ठेकेदार।
फतेहाबाद। नगर परिषद प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची के खासम-खास ठेकेदार प्रेमप्रकाश पर बुधवार देर रात को लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले के बाद ठेकेदार प्रेम प्रकाश गंभीर रूप से घायल होकर बेसुध हो गए। घायल ठेकेदार को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। बेटे गुलशन ने रंजिश के चलते नगर परिषद के कुछ अफसरों और ठेकेदारों पर हमला करवाने की आशंका जाहिर की है। हालांकि जिन पर शक है उनके नाम नहीं लिए गए हैं। वहीं नगर परिषद प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची घायल ठेकेदार का हाल जानने के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचे। प्रधान खिंची ने कहा कि सब को पता है कि हमला करवाने के पीछे कौन है।
मामले के मुताबिक प्रेम प्रकाश ठेकेदार के बेटे गुलशन ने बताया कि उसके पिता ठेकेदार हैं। बुधवार रात को पेमेंट लेकर लेबर का हिसाब करने के लिए जा रहे थे। जब अनाजमंडी के गेट नंबर एक के पास पहुंचे तो मोटरसाइकिलों पर युवक आए और उन्होंने लोहे की रॉड से सिर पर हमला कर दिया। हमले के बाद पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पिता के पास स्कूटी, करीब 46 हजार हजार रुपये थे जो कि गायब है। इसके अलावा सोने का कड़ा और चेन भी गायब है। गुलशन ने आरोप लगाया कि पहले पिता ने बताया था कि नगर परिषद के कुछ सरकारी अफसर और ठेकेदार है, वह पहले भी धमकी दे चुके हैं। फिलहाल पुलिस को शिकायत दी जाएगी। पुलिस जांच में ही सामने आएगा कि किन लोगों ने हमला किया है और कौन करवाने वाले हैं या फिर लूटपाट के इरादे से हमला किया गया है।
हमला करवाने के पीछे कौन है, इसका सभी को पता है। कोई अच्छा काम कर रहा है तो उसे करने नहीं दिया जाता है।
- राजेंद्र सिंह खिंची, प्रधान नगर परिषद