फतेहाबाद। परिवार पहचान पत्र का पोर्टल पिछले तीन दिनों से डाउन है। शिकायत दर्ज करवाने के बाद भी रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी नहीं जा रहा है। इसके चलते लोग परिवार पहचान पत्र में गलतियां ठीक करवाने के लिए शिकायत ही नहीं करवा पा रहे हैं। लोग कॉमन सर्विस सेंटरों के चक्कर काट रहे हैं लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा है।
चिरायु योजना और बीपीएल कार्ड सूची में नाम न आने के बाद परिवार पहचान पत्र में गलतियां ठीक करवाने वाले लोगों की संख्या बढ़ गई है। परिवार पहचान पत्र को लेकर सबसे ज्यादा शिकायतें आय ठीक करवाने, आय वेरिफिकेशन, गलत नाम ठीक करवाने, नाम कटवाने को लेकर है। पीपीपी को लेकर पहले दो बार कैंप लगाए जा चुके हैं लेकिन उसमें भी पोर्टल का सर्वर धीमा रहने की शिकायतें सामने आई थी।
1.62 लाख लोगों के बने हैं राशन कार्ड
जिले में परिवार पहचान पत्र के आधार पर सरकार ने 1.62 लाख परिवारों के राशन कार्ड जारी किए हैं। करीब इतने ही परिवारों को चिरायु योजना में शामिल किया गया है। अब तक स्वास्थ्य विभाग करीब 60 फीसदी परिवारों के सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बना चुका है।
यूआईडीएआई अपने स्तर पर आधार सेंटर खोलने की तैयारी में
यूआईडीएआई यानि भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण एक अप्रैल से आधार सेंटर अपने स्तर पर खोलने की तैयारी कर रहा है। पहले से चल रहे आधार केंद्र 31 मार्च तक बंद हो सकते हैं। अभी फिलहाल यूआईडीएआई ने आधार सेंटर खोलने का काम डीआईटीएस को दे रखा है। जिले में फिलहाल 24 आधार सेंटर चल रहे हैं।
कोट
परिवार पहचान पत्र पोर्टल का सर्वर धीमा चल रहा है। कुछ देर ठीक चलने के बाद बंद हो रहा है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया गया है।
- शिल्पा रानी, जिला प्रबंधक, सीएससी