भूना। गांव ढाणी गोपाल चोपटा के नजदीक सिरसा-चंडीगढ़ रोड पर तेज गति से आ रही कार की मोटरसाइकिल के साथ टक्कर हो गई। इस भीषण टक्कर में एक पोस्टमैन की मौत हो गई जबकि दूसरा व्यक्ति हिसार के निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। पुलिस ने वैगन आर कार के चालक के खिलाफ तेज गति से वाहन चलाने एवं लापरवाही के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर को पोस्टमैन ढाणी सांचला निवासी 43 वर्षीय कृष्ण कुमार अपने साथी जगबीर सिंह नंबरदार के साथ मोटरसाइकिल के पीछे बैठकर गांव ढाणी गोपाल में डाक वितरण करने जा रहा था। जैसे ही मोटरसाइकिल सिरसा-चंडीगढ़ रोड पर ढाणी गोपाल चोपटा के पास पहुंचा तो तेज गति में आ रही वैगन नार कार की चालक ने सीधी टक्कर मोटरसाइकिल को मार दी। घटना के बाद मोटरसाइकिल सड़क से कई फुट दूर जाकर गिरा। इससे कृष्ण कुमार व जगबीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को सीएससी केंद्र भूना पहुंचाया। जहां कृष्ण कुमार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जगबीर सिंह की हालत गंभीर होने के कारण अग्रोहा रेफर किया। मगर परिजनों ने घायल को हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया है। सड़क हादसे में कार व मोटरसाइकिल बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। जांच अधिकारी चाप सिंह ने बताया कि कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कार सिरसा की बताई जा रही है। इसलिए चालक की पहचान जल्द करके गिरफ्तार किया जाएगा।
तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
पोस्टमैन कृष्ण कुमार की मौत की सूचना ढाणी सांचला में उनके घर पहुंची तो कोहराम मच गया। गांव में भी मातम छा गया। पोस्टमैन के तीन बेटियां हैं, जो अविवाहित है।