नाबालिग लड़की के पिता को लात-घूंसों से पिटते युवकों की सीसीटीवी फुटेज।
भूना। भाखड़ा नहर में रविवार देर शाम को मिले किशोरी के शव का सोमवार को नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद पुलिस ने विसरा रिपोर्ट एवं डायटम टेस्ट के लिए सैंपल को फॉरेंसिक लैब हिसार भेजा है। डायटम टेस्ट से यह पता चल सकेगा कि लड़की की मौत डूबने हुई है या मौत के बाद शव फेंका गया है।
उधर, किशोरी के पिता की खैरी चौक पर सरेआम दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए चार युवकों ने लात-घूसों से पिटाई की। इसका सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें लड़की के पिता को चारों युवक लात-घूसों से पीटते हुए कीचड़ में गिरा देते हैं। हालांकि वायरल वीडियो में वारदात के समय कई व्यक्ति इधर-उधर खड़े दिखाई दे रहे हैं, मगर हमलावर युवकों को रोकने-टोकने की किसी ने हिम्मत नहीं की। पुलिस ने 28 जून को मुकदमा नंबर 208 में शामिल विभिन्न आपराधिक धाराओं को नाबालिग लड़की का शव नहर में मिलने और पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शामिल कर दिया है।
तेज धावक बनने के लिए सुबह अभ्यास करती थी नाबालिग
14 वर्षीय लड़की सुबह-सुबह उठकर तेज धावक बनने के लिए अभ्यास करती थी। 28 जून की सुबह ऐसी वारदात हुई कि उसके बाद उसका जीवन ही समाप्त हो गया। नाबालिग बेटी जब दौड़ लगाती थी तो उसके पिता सुरक्षा को लेकर पीछे जाते थे। सुबह 5 बजे सूर्य उदय नहीं होने के चलते कुछ अंधेरा था। दौड़ती हुई नाबालिग को एक युवक ने रोक लिया और उसके साथ छेड़खानी करने लगा। जब लड़की के पिता ने दूर से देखा तो तेज गति से युवक के पास पहुंचकर धमकाया और एक चांटा लगा दिया। इससे क्रोधित युवक ने अपने दोस्तों को मौके पर बुला लिया। दो मोटरसाइकिलों पर तुरंत पहुंचकर युवकों ने किशोरी के पिता की सरेआम खैरी चौक लात-घूसों से पिटाई कर दी। इससे आहत होकर 14 वर्षीय नाबालिग लड़की ने अपने घर जाने के बजाय खैरी पुल पर जाकर भाखड़ा नहर में छलांग लगा दी थी। हालांकि, संबंधित परिवार के लोगों को लड़की के नहर में कूदने की आशंका नहीं थी। पुलिस ने लड़की के पिता की शिकायत पर 28 जून को पॉक्सो सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
कोट
28 जून सुबह नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी करने व उसके पिता के साथ मारपीट करने के मामले में हमलावर युवकों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर विसरा रिपोर्ट व डायटम जांच के लिए आरएसएफएल हिसार भेजा है।
-संदीप कुमार, एसएचओ, भूना