फतेहाबाद। नगर परिषद प्रशासन ने प्रॉपर्टी आईडी को परिवार पहचान पत्र से लिंक करने के लिए कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करके उन्हें शनिवार को फील्ड में भेजा। मगर पोर्टल नहीं चल पाने के कारण प्रॉपर्टी आईडी पीपीपी से लिंक नहीं हो सकी। डाटा मैपिंग का काम भी ही नहीं हो सका। दोपहर तक नगर परिषद के कर्मचारी डाटा मैपिंग का प्रयास करते रहे, लेकिन सफल नहीं हो पाए। आखिरकार बिना लिंक किए ही नगर परिषद के 26 कर्मचारी वापस आ गए।
दरअसल, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ऋषिकेश चौधरी ने शुक्रवार को चार क्लर्कों, एक डीईओ, पांच डाटा एंट्री ऑपरेटर, एक ड्रॉफ्टमैन, दो सेनेटरी इंस्पेक्टर, पांच एनयूएलएम ब्रांच के कर्मचारियों की ड्यूटी प्रॉपर्टी आईडी की फैमिली आईडी से मैपिंग करने में लगाई थी। जिले में 68 फीसदी तो फतेहाबाद में 71 फीसदी प्रॉपर्टी पीपीपी से लिंक हो चुकी है। शेष बची प्रॉपर्टी आईडी को पीपीपी से लिंक किया जाना है।
प्रॉपर्टी आईडी को परिवार पहचान पत्र से लिंक करने के बाद शहरवासियों को भी सहूलियत मिलेगी। एक क्लिक पर ही सभी जानकारी सामने आ जाएगी। इससे यह पता चल सकेगा कि संबंधित परिवार के पास कितनी प्रॉपर्टी है और यह किसके नाम हैं। बता दें कि जनस्वास्थ्य विभाग पानी कनेक्शन और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम बिजली कनेक्शन भी पीपीपी से लिंक कर चुका है। यह तरह परिवार पहचान पत्र के जरिये लोगों का पूरा डाटा सरकार के पास एकत्रित हो रहा है।
अब दोबारा से किए जाएंगे प्रयास
नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार पोर्टल चलने के बाद कर्मचारियों को फिर से फील्ड में भेजकर प्रॉपर्टी आईडी को पीपीपी से लिंक करवाने का काम पूरा करवाया जाएगा। शहर में अभी भी 29 प्रतिशत प्रॉपर्टी आईडी को पीपीपी से लिंक करने का काम बाकी है।
प्रॉपर्टी आईडी लिंक की ये है स्थिति :
शहर प्रॉपर्टी पीपीपी से हुई लिंक (फीसदी में)
भूना 6438 73.47
फतेहाबाद 15627 71.01
जाखल 2881 71.29
रतिया 8053 52.72
टोहाना 16146 74.96
कोट
प्रॉपर्टी आईडी को परिवार पहचान पत्र से लिंक करने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। उन्हें फील्ड में भेजा था, लेकिन पोर्टल नहीं चलने के कारण दिक्कत आई तो टीम वापस आ गई।
-ऋषिकेश चौधरी, ईओ नगर परिषद