फतेहाबाद। परिवार पहचान पत्र में गलतियां ठीक करवाने के लिए रविवार को दूसरे दिन भी शिविर लगाए गए। लेकिन शिविर शुरू होते ही परिवार पहचान पत्र के पोर्टल ने जवाब दे दिया। पोर्टल बंद हो गया और कई जगह पर धीमा चलता रहा। सुंदर नगर के राजकीय प्राथमिक पाठशाला में लगाए गए कैंप में करीब 6 घंटे तक पोर्टल बंद रहा। इसके चलते लोग परेशान होते रहे। दोपहर दो बजे पोर्टल चलना शुरू हुआ।
परिवार पहचान पत्र में सबसे ज्यादा आवेदन आय ठीक करवाने वालों के पहुंचे लेकिन मौके पर मौजूद अधिकारी व कर्मचारियों ने मना कर दिया। सरकार द्वारा 1.80 लाख रुपये आय वालों के आयुष्मान कार्ड जारी करने के चलते अब वंचित लोग अपनी आय कम करवाने के लिए कैंप में पहुंचे। लेकिन कर्मचारियों ने कहा कि फिलहाल आय को लेकर गाइडलाइन नहीं आई है।
55 वर्ष से ज्यादा के 40 हजार लोगों उम्र की होगी जांच :
परिवार पहचान पत्र में 55 वर्ष उम्र से अधिक के नागरिकों के लिए जन्म तिथि के दस्तावेजों को प्रमाणित करने के लिए नागरिक संसाधन एवं सूचना विभाग ने जिला के नागरिकों का डाटा भेजा हैं। मुख्यालय चंडीगढ़ द्वारा कुल 40862 नागरिकों का डाटा फतेहाबाद जिले में भेजा गया है। इस डेटा का वेरिफिकेशन किया जाएगा।
इन लोगों की उम्र की होगी वेरिफिकेशन
खंड लोगों की संख्या
भट्टू कलां ब्लॉक 4262
भूना ब्लॉक 3186
भूना एमसी 1292
फतेहाबाद ब्लॉक 6577
फतेहाबाद एमसी 5339
जाखल ब्लॉक 1560
जाखल एमसी 972
नागपुर ब्लॉक 2763
रतिया ब्लॉक 3938
रतिया एमसी 2035
टोहाना ब्लॉक 4905
टोहाना एमसी 4065
कोट
जन्म तिथि को प्रमाणित करने के लिए नागरिक जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल स्थानांतरण प्रमाण पत्र के साथ स्कूल रिकॉर्ड की कॉपी, 2017 से पहले का वोटर कार्ड, दसवीं कक्षा का सर्टिफिकेट से जन्मतिथि ठीक करवा सकते हैं। सत्यापन का कार्य टीम लीड और ऑपरेटर द्वारा किया जाएगा। डीईओ और बीईओ टीम लीड की उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे । डीएम (सीएससी) ऑपरेटरों की उपस्थित जांच करेंगी और क्रीड़ा जिला मैनेजर, प्रोग्रामर, डीईओ और सभी जोनल मैनेजर 16-18 दिसंबर फील्ड में दौरे पर रहेंगे।
-अजय चोपड़ा, अतिरिक्त उपायुक्त