अक्तूबर माह को फतेहाबाद पुलिस साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के रूप में मनाएगी। इसको लेकर हर रोज अलग-अलग जगहों पर जागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे। स्कूलों से लेकर महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के अलावा भीड़भाड़ वाले इलाकों में विभिन्न माध्यमों से पुलिस अधिकारी लोगों को साइबर क्राइम से बचने के तरीके बताते नजर आएंगे।
पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने बताया कि फतेहाबाद पुलिस आमजन को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने और बचाव के उपाय बताने के लिए यह अभियान चलाएगी। इस विशेष अभियान के अंतर्गत संभावित साइबर खतरों से व्यक्तियों और व्यवसायों को शिक्षित करने, सूचित करने और उनकी सुरक्षा करने के लिए कार्यक्रम तैयार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर खतरे भेदभाव नहीं करते हैं। वे व्यक्तियों और व्यवसायों को समान रूप से प्रभावित करते हैं। अक्तूबर माह में लोगों में साइबर जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पूरे माह में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक राजपाल व उनकी टीम स्कूल, कॉलेज, शिक्षण संस्थाओं, टैक्सी स्टैंड, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, शहर के मुख्य बाजारों व भीड़ भाड़ वाले इलाकों में साइबर जागरूकता को लेकर सेमिनार, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्टेज कार्यक्रम, लाउड स्पीकर, पेंटिग, पोस्टर, बैनर, साइकिल रैली, साइबर चौपाल, रेडियो टाक शो, योगा, रामलीला, स्पोर्स तथा रोडवेज बसों आदि में जन जागरण अभियान चलाएगी।
साइबर क्राइम के नोडल अधिकारी डीएसपी शुक्रपाल ने बताया कि साइबर अपराधों को रोकने के लिए लोगों का जागरूक होना बेहद जरूरी है। जागरूकता शिविरों में जिला पुलिस के साइबर जानकारों द्वारा विद्यार्थियों को मोबाइल, सोशल मीडिया एवं इंटरनेट का प्रयोग करते समय किन किन सावधानियों को ध्यान में रखना चाहिए, इसके बारे में जानकारी दी जाएगी। थाना स्तर पर बनाए गए साइबर हेल्प डेस्क की टीमों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्र के स्कूल व कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
इस तरह सप्ताह वार होगी गतिविधियां
- 3 अक्तूबर से 7 अक्तूबर तक - यह सप्ताह साइबर सुरक्षा जागरूकता के परिचय के रूप में मनाया जाएगा। यह साइबर सुरक्षा जागरूकता के ज्ञानवर्धक परिचय के साथ शुरू होगा, इसके बाद इसके महत्व पर प्रकाश डाला जाएगा।
- 8 अक्तूबर से 14 अक्तूबर - मैलवेयर, फिशिंग और ऑनलाइन खतरों की दुनिया के रहस्यों को उजागर करने के लिए समर्पित होगा। वीपीएन, सुरक्षित यूआरएल और विज्ञापन-अवरोधक के लाभों पर जागरूकता लाई जाएगी।
- 15 अक्तूबर से 21 अक्तूबर - व्यक्तिगत और घरेलू सुरक्षा से संबंधित रहेगा।
- 22 अक्तूबर से 28 अक्तूबर - व्यवसाय और कार्य सुरक्षा के लिए समर्पित होगा। अंदरूनी खतरों को पहचानेंगे, फाइल साझाकरण को सुरक्षित करेंगे और सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।
- 29 से 31 अक्तूबर तक - उभरते साइबर खतरों और साइबर सुरक्षा को साझा किया जाएगा। महीने का समापन एक विशेष समारोह के साथ होगा, जिसमें अर्जित ज्ञान को समाहित किया जाएगा और निरंतर साइबर सुरक्षा जागरूकता के महत्व पर जोर दिया जाएगा।