फतेहाबाद का राजकीय कन्या स्कूल।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। शिक्षा विभाग मॉडल संस्कृति, आरोही स्कूल शुरू करने के बाद अब पीएम श्री स्कूल की शुरूआत करने जा रहा है। पहले फेज में जिले में एक सीनियर सेकेंडरी स्कूल को पीएम श्री स्कूल का नाम दिया जाएगा। हालांकि पीएम श्री स्कूल के लिए आवेदन करने वाले स्कूलों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। पीएम श्री स्कूल के लिए 168 अंक तय किए गए हैं, जिस स्कूल के नंबर ज्यादा होंगे उसे ही इसका दर्जा दिया जाएगा।
बता दें कि समग्र शिक्षा विभाग द्वारा इसकी शुरूआत कर दी गई है। जिले के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूलों से आवेदन मांगे गए हैं। मॉडल संस्कृति और आरोही स्कूल आवेदन नहीं कर पाएंगे। इसके अलावा अन्य स्कूल आवेदन कर सकते हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों की कमेटी स्कूलों का फिजिकल वेरिफिकेशन करेगी। जिले में एक ही स्कूल का चयन किया जाएगा। शिक्षा विभाग चयनित स्कूल के लिए स्पेशल ग्रांट जारी करेगा। स्कूल को मॉडल के रूप में पेश किया जाएगा।
पीएम श्री स्कूल के लिए ये नंबर किए गए हैं तय
कक्षा नंबर
प्राइमरी 144
मिडिल 165
हाई स्कूल 160
सीनियर सेकेंडरी 168
एक साल में होंगे चार फेज
पीएम श्री स्कूल को लेकर शिक्षा विभाग एक साल में चार बार आवेदन मांगेगा। प्रत्येक फेज में खंडों से आवेदन मांगे जाएंगे। अभी फिलहाल सीनियर सेकेंडरी स्कूलों से आवेदन मांगे गए हैं। अधिकारियों की माने तो अगले चरण में मिडिल, हाई और प्राइमरी स्कूलों से भी पीएम श्री स्कूल के लिए आवेदन मांगे जा सकते हैं।
बीईओ की लापरवाही : मॉडल संस्कृति स्कूलों के लिए नहीं दिए आवेदन
शिक्षा विभाग प्रत्येक खंड में दो-दो मॉडल संस्कृति स्कूल और शुरू करने जा रहा है। जिला शिक्षा विभाग ने बीईओ से स्कूलों की रिपोर्ट मांगी थी लेकिन अभी तक रिपोर्ट नहीं दी गई है। किसी भी खंड ने अभी तक रिपोर्ट नहीं भेजी है। बताया जा रहा है कि नए सत्र में 12 मॉडल संस्कृति स्कूल शुरू हो सकते हैं।
कोट
जिले में दो-दो मॉडल संस्कृति स्कूल और बनाए जाने हैं। बीईओ से रिपोर्ट मांगी थी लेकिन अभी तक नहीं दी गई है। पीएम श्री स्कूल को लेकर भी समग्र शिक्षा विभाग ने कार्यवाही शुरू कर दी है।
-दयानंद सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी