फतेहाबाद। त्योहारी सीजन शुरू हो चुका है और बाजारों में मिलावटी वस्तुओं की भरमार है। जिले में खाद्य आपूर्ति अधिकारी के न होने से खाद्य पदार्थों की जांच प्रभावित हो रही है। बाजारों में खाद्य पदार्थों में 50 फीसदी तक मिलावट हो रही है। यह खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की रिपोर्ट खुद बया कर रही है। पिछले साल जिले में लिए गए खाद्य पदार्थों के 45 फीसदी सैंपल फेल मिले हैं, ये लोगोें की सेहत से खिलवाड़ है।जिले में एफएसओ का पद एक माह से खाली है। यहां पर पिछले एक माह से खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग नहीं हुई है। यहां डेपुटेशन पर तैनात एफएसओ भंवर सिंह को एक माह पहले मुख्यालय बुला लिया गया है। यहां ट्रेनिंग पर तैनात एफएसओ को सैंपल लेने की पॉवर नहीं है। जबकि त्योहारों में मिठाइयों की खपत ज्यादा होती है साथ ही खोया और पनीर की मांग भी बढ़ जाती है। विक्रेता त्योहार से पहले ही स्टॉक करना शुरू कर देते हैं, ऐसे में मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है।
खाद्य एवं औषधि विभाग द्वारा वर्ष 2022-2023 और इस साल अप्रैल-मई तक लिए गए सैंपल की रिपोर्ट अच्छी नहीं आई है। 45 फीसदी से ज्यादा सैंपल फेल मिले हैं और 9 सैंपल अनसेफ हैं। कोल्ड ड्रिंक और मसालों के सैंपल अनसेफ मिले हैं। जो कि सेहत बिगाड़ सकते हैं। अप्रैल 2022 से लेकर मार्च 2023 तक 206 सैंपल लिए गए। इसमें 181 सैंपलों की रिपोर्ट आई है। इसमें 99 सैंपल पास मिले हैं और 82 सैंपल फेल पाए गए हैं। इस साल अप्रैल और मई माह में सिर्फ 15 सैंपल लिए गए है। लैब से 21 सैंपलों की रिपोर्ट आई है और इसमें 9 सैंपल फेल मिले हैं।
रबड़ी, आइसक्रिम के सैंपल मिले सब स्टैंडर्ड
पिछले दिनों मुख्यमंत्री उडऩदस्ता और एफएसओ टीम द्वारा फतेहाबाद के माजरा रोड पर एक फैक्टरी से लिए गए खाद्य पदार्थोंं के सैंपल सब स्टैंडर्ड मिले हैं। विभाग द्वारा लिए गए रबड़ी, आइसक्रिम, ओरेंज आइसक्रिम और जलजीरा आइसक्रिम का सैंपल सब स्टैंडर्ड मिला है।
वर्ष 2022-23 में लिए गए सैंपल और रिपोर्ट की स्थिति
कुल सैंपल लिए गए : 206
लैब से रिपोर्ट आई : 181
सैंपल पास मिले : 99
सैंपल फेल मिले : 82
अनसेफ मिले : 6
सब स्टैंडर्ड : 27
मिस ब्रांड मिले : 49
सीजेएम कोर्ट में भेजे गए मामले : 5
एडीसी कोर्ट में भेजे गए मामले : 83
अप्रैल-मई में लिए गए सैंपल
अप्रैल और मई माह में लिए गए सैंपल : 15
लैब से खाद्य पदार्थों की आई रिपोर्ट : 21
पास मिले : 12
फेल मिले : 9
अनसेफ मिले : 3
सब स्टैंडर्ड मिले : 6
कोट
नए एफएसओ को लेकर नोटिफिकेशन जारी हो गया है जल्द ही जिले अलॉट हो जाएंगे। उम्मीद है अगले सप्ताह तक जिले को एफएसओ मिल जाएगा।
-ओमप्रकाश, डीओ, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग