गांव कारियां के प्राइमरी स्कूल में मिले अवैध पिस्तौल की जांच करते हुए पुलिस कर्मी।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। राजकीय प्राइमरी स्कूल कारियां के एजुसेट बॉक्स में अवैध पिस्तौल मिला है। वीरवार सुबह जब स्कूल इंचार्ज विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाने के लिए एजुसेट तैयार कर रहे थे तो बॉक्स में पिस्तौल मिला। मामले की सूचना सदर पुलिस को दी गई। मामले में सदर पुलिस ने राजकीय प्राथमिक स्कूल कारियां के मुख्य शिक्षक सुरेंद्र कुमार की शिकायत पर आरोपी रामधारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में राजकीय प्राइमरी स्कूल गांव कारियां के मुख्य शिक्षक सुरेंद्र ने बताया कि उनके स्कूल में जगदीश चौकीदार के पद पर कार्यरत है। उसके पास कमरों की चाबियां होती है। चौकीदार जगदीश कई दिनों से बाहर गया हुआ है। स्कूल की देखभाल और सफाई का काम चौकीदार जगदीश का बेटा रामधारी संभाल रहा है। वीरवार को स्कूल में छात्रों को एजुसेट से पढ़ाने के लिए सिस्टम को तैयार कर रहा था तो एजुसेट की अलमारी के नीचे दराज में एक अवैध पिस्तौल मिला। स्कूल की छुट्टी होने के बाद स्कूलों के कमरों की चाबी चौकीदार के बेटे रामधारी के पास होती है और शक है कि यह पिस्तौल रामधारी का है।
कोट
स्कूल इंचार्ज की तरफ से सूचना आई थी, इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौके पर अवैध पिस्तौल मिला है जो कि 12 बोर का है। स्कूल के मुख्य अध्यापक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जाएगी।
-यादविंद्र सिंह, सदर थाना प्रभारी