टोहाना। शहर के रेलवे रोड स्थित मोबाइल की दुकान से चोर हजारों की नकदी व मोबाइल चुराकर ले गए जिसके बाद शिकायत चंडीगढ़ रोड चौकी पुलिस को दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में ललितेश ने बताया कि उसकी ललितेश टेलीकॉम के नाम से दुकान है तथा जब वह सुबह दुकान पर आया तो उसकी दुकान के ताले टूटे हुए थे। दुकान के दोनों ताले खाली प्लाट में गिराए हुए थे। उसने बताया कि दुकान के अंदर देखा तो सामान बिखरा हुआ था। उसने बताया कि दुकान से 6 मोबाइल व दस हजार की नकदी चोरी मिली जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। चंडीगढ़ रोड चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
युवक का बैग ले गए चोर, केस दर्ज
टोहाना। शहर की इंदिरा कॉलोनी से बाइक सवार दो युवक इंटरनेट सर्विस का काम करने वाले युवक का बैग चुराकर ले गए जिसके बाद शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में बिढ़ाई खेडा निवासी अमन ने बताया कि वह इंदिरा कॉलोनी की बारदाना फैक्ट्री के पास फाइबर जोड़ने की मशीन के साथ इंटरनेट ठीक कर रहा था। उसने बताया कि दोपहर के समय करीब दो बजे जब वह अपना काम पूरा करके मशीन को बैग में रखकर सीढ़ी रखने के लिए फैक्ट्री में गया तो बाइक पर दो युवक आए। उसने बताया कि आरोपी उसका बैग ले गए। उसने बताया कि बैग में फाइबर जोड़ मशीन, क्लीनर, स्ट्रीपर, पावर मीटर, लेजर मशीन, फाइबर कटर तथा अन्य टूल थे। उसने बताया कि आरोपी मोटरसाइकिल को तेजी से भागकर ले गए गांव सिंबलवाला के रास्ते में लगे दोनों कैमरों आरोपी नजर आ रहे है जिनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। संवाद