रतिया। एंटी व्हीकल थेफ्ट पुलिस टीम ने गश्त के दौरान रतिया से बुर्ज रोड पर मुर्गी फार्म के पास से नशा तस्करी के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान छिंदा निवासी गांव बुर्ज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन कट्टों में भरा 30 किलो कचरा डोडा पोस्त बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ थाना शहर रतिया में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर असली सप्लायर की तलाश शुरू कर दी गई है।
एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम एएसआई भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में जब नया बस अड्डा पहुंची तो उन्हें सूचना मिली कि आरोपी रतिया से बुर्ज रोड पर मुर्गी पालन का काम करता है और कचरा डोडा पोस्त बेचने का काम करता है। इस सूचना पर पुलिस ने टीम गठित कर मौके पहुंची तो मुर्गी फार्म के गेट पर एक व्यक्ति तीन कट्टे लिए हुए बैठा दिखाई दिया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर कट्टों की तलाशी ली तो उनमें 30 किलो कचरा डोडा पोस्त बरामद हुआ। शहर थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया कि आरोपी छिंदा को हिसार जेल भेजा गया है तथा सप्लायर भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। संवाद