फतेहाबाद में होटल संचालकों की बैठक लेते डीएसपी जयपाल सिंह।
फतेहाबाद। नया साल मनाने को लोग तैयार हैं और इसे मनाने के लिए परिवार व सगे संंबंधियों सहित नए साल को यादगार बनाने की प्लानिंग बना रहे हैं। कोई इस बार खाटू श्याम व सालासर धाम की ओर जाने की सोच रहा है तो कई लोग वैष्णो देवी धाम का रूख करेंगे। इसके अलावा लोगों की हिल स्टेशनों पर जाने की प्लानिंग है। इस बीच पुलिस ने भी नया साल मनाने के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है। डीएसपी जयपाल सिंह ने भी होटल व रेस्टोरेंट संचालकों के साथ बैठक कर नियमों के पालन की हिदायत भी दी।
फतेहाबाद से हर साल अनेक लोग नया साल शहर से बाहर जाकर मनाते हैं। धार्मिक विचारों के लोग खाटू श्याम, सालासर धाम व वैष्णो देवी मंदिर अपने परिजनों के साथ जाते हैं। लोग नए साल पर इस बार भी ऐसी ही प्लानिंग बना रहे हैं। फतेहाबाद से सालासर धाम के लिए तो सीधा रोडवेज बस भी जाती है। वहीं कई निजी बसें भी लोगों को खाटू श्याम व सालासर धाम के दर्शन करवाती हैं। कई लोग अपने परिजनों के साथ सीधे निजी वाहनों में भी धार्मिक स्थलों पर जाते हैं। वहीं वैष्णों देवी के लिए टोहाना, हिसार व जाखल से ट्रेन पकड़ी जाती है। शहर के युवा भी न्यू ईयर ईव मनाने के लिए शिमला, मंसूरी व मनाली जाने की प्लानिंग बना रहे हैं। शहर के हरीश कुमार, सुरेश कुमार, माेहित ने बताया कि वह हर साल नया साल मनाने के लिए मंसूरी या मनाली जाते हैं, इस बार भी हमारा कार्यक्रम मंसूरी जाने का है। वहीं शहर के राजेश, रवि कुमार, कपिल सोनी ने बताया कि वह खाटू श्याम में नया साल मनाएंगे। वहीं महेश चोपड़ा ने बताया कि नए साल पर फतेहाबाद से एक बस रविवार को रवाना होगी, जो पहले दिन सालासर व सोमवार को खाटू श्याम में आएगी।
शहर के होटल व रेस्टोरेंट भी तैयार
नए साल को लेकर शहर के होटल व रेस्टोरेंट भी तैयार हैं। नए साल को लेकर बफे में विशेष छूट दी जा रही है। कई होटलों में संगीत कार्यक्रम के आयोजन भी किए जाएंगे। सेवन स्पाइसेज के मालिक अमित असीजा ने बताया कि नए साल पर उनके रेस्टोरेंट में विशेष छूट दी गई है।
नववर्ष पर हुड़दंगबाजी करने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर जिला पुलिस की टीमें मुस्तैद रहेंगी। संबंधित थाना प्रभारी भी अपने अधीन क्षेत्रों में अधिक से अधिक पेट्रोलिंग करें और शरारती तत्वों पर निगरानी रखें। अगर कोई किसी प्रकार की अवैध गतिविधि होने पर तुरंत एक्शन लें। होटल मालिकों को अगर कोई आपके पास अवैध गतिविधि नजर आए तो उस बारे तुरंत पुलिस को डायल 112 पर सूचित करें।
- आस्था मोदी, एसपी, फतेहाबाद